HRTC Nahan Depot: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के नाहन डिपो में टायरों की भारी कमी के चलते बसों के पहिए थमने लगे हैं। टायर न मिलने के कारण पिछले तीन दिन से 11 बसें खड़ी हैं। इसके चलते बस रूटों के प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है। जानकारी मिल रही है कि फिलहाल कुछ रूटों को क्लब करके चलाया जा रहा है। कुछेक रूटों पर सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
टायरों की किल्लत यदि जल्द दूर नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कई रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इससे यात्रियों समेत स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों के साथ साथ नौकरीपेशा लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उल्लेखनीय है कि कभी एचआरटीसी का कमाऊ पूत कहलाने वाला सिरमौर जिले का एकमात्र नाहन डिपो पिछले कुछ समय से बदहाली के दौर से जूझ रहा है।
कभी डीजल की कमी तो कभी स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध न होने के कारण बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि हर रोज करीब 10 से 15 बसें मरम्मत के लिए वर्कशॉप में खड़ी रहती हैं। यही नहीं आए दिन किसी न किसी रूट पर बस के खराब होने के मामले भी सामने आ रहे हैं। अब टायरों की कमी ने समस्या को और गंभीर कर दिया है।
टायरों की कमी से और रूट बंद होने का खतरा
डिपो में पिछले एक सप्ताह से टायरों की कमी बनी हुई है। इसके चलते कई बसें आधे रूटों पर भेजी जा रही हैं। एक-दो रूट सस्पेंड भी हो रहे हैं। बताया ये भी जा रहा है कि अभी 8 के करीब रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। यदि जल्द टायर उपलब्ध नहीं हुए तो आने वाले दिनों में बस सेवाएं और प्रभावित हो सकती हैं।
पहले से बंद रूटों के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं, क्लब किए गए रूटों पर बसों की उपलब्धता और समय-सारणी के अनुसार यात्रियों को सफर की योजना बनानी पड़ रही है।
ई-डिपो बनाने की घोषणा के बाद भी बसों की कमी
प्रदेश सरकार ने नाहन डिपो को ई-डिपो बनाने की घोषणा की थी। इसके तहत डिपो को 25 इलेक्ट्रिक बसें मिली थीं, लेकिन बाद में इनमें से 10 बसें वापस लेकर प्रदेश के अन्य डिपो को भेज दी गईं। इसके अलावा डीजल की 7 बसें भी सरकार ने दूसरे डिपो को भेजी हैं। यानी कुल 17 बसें नाहन से दूसरे डिपो को भेजी गई हैं। इसके बाद नाहन डिपो में बसों की कमी फिर बढ़ गई है। अब टायरों की किल्लत के कारण उपलब्ध बसों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है।
टायर मिलते ही बहाल होंगे रूट : रामदयाल
नाहन डिपो के उपमंडलीय प्रबंधक रामदयाल ने टायरों की कमी के चलते बसें खड़ी होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि टायर की कमी से 11 बसें खड़ी हैं। टायर उपलब्ध होते ही सभी प्रभावित रूट बहाल कर दिए जाएंगे।




















