Sirmour News: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजगढ़ उपमंडल के अंतर्गत आने वाली पंचायत कोठिया जाजर के गांव मयोग में किराए के कमरे में रह रहे पति-पत्नी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदय विदारक घटना के सामने आने के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका महिला की यह दूसरी शादी थी।
घटना मृतकों की पहचान 28 वर्षीय अजय उर्फ परमील पुत्र स्व. भाग सिंह, निवासी गांव कोटला मांगन, डाकघर काथली भरण, तहसील व थाना राजगढ़ और 33 वर्षीय ममता पुत्री स्व. जगमोहन सिंह, निवासी गांव बाग धमनिया, डाकघर डिम्बर, तहसील व थाना राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है।

मासूम बच्चों ने 112 नंबर पर कॉल कर दी पुलिस को सूचना
इस पूरी घटना का सबसे दु:खद पहलू यह है कि इसकी जानकारी पुलिस तक मृतकों के मासूम बच्चों ने पहुंचाई। बच्चों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए 112 नंबर पर कॉल किया। परिवार के सात साल के बड़े बच्चे ने फोन पर पुलिस को सूचना दी कि उसके मम्मी-पापा ने फंदा लगा लिया है। घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
इस अप्रत्याशित हादसे के बाद मृतक दंपती के दो छोटे लड़के पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं। माता-पिता का साया सिर से उठ जाने के कारण बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्रवासियों को झकझोर कर रख दिया है। पंचायत कोठिया जाजर की प्रधान ममता कुमारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव मयोग में किराए के कमरे में रह रहे पति-पत्नी ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी है और उनके पीछे दो मासूम बेटे रह गए हैं।
आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं, पुलिस जांच में जुटी
प्रशासन और पुलिस के सामने अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर इस पति-पत्नी ने इतना खौफनाक कदम किन परिस्थितियों में उठाया। आत्महत्या के वास्तविक कारणों को लेकर फिलहाल कोई भी आधिकारिक या पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस प्रशासन हर पहलू से मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रहा है।
डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्यों को इकट्ठा कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस आत्महत्या के पीछे की असली वजह क्या थी।



















