KIPS Sanwara Annual Day 2026: हिमाचल प्रदेश के सनवारा स्थित कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में 20वें वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विद्यार्थियों की कला और अनुशासन की सराहना की। बता दें कि 20वें वार्षिक समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत और ग्राउंड आइटम्स के साथ हुआ।
इस दौरान विद्यार्थियों ने पी.टी., योग, जिम्नास्टिक और कराटे जैसी आत्मरक्षा कला का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, ऑर्केस्ट्रा और ‘नवदुर्गा नृत्य’ के साथ की गई। विद्यार्थियों ने एक के बाद एक कई मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इनमें समूह गान, ‘चार युगों की यात्रा’, ‘कलर्स ऑफ बंगाल’, अंग्रेजी स्किट, कव्वाली, भाँगड़ा और पारंपरिक ‘हिमाचली नाटी’ शामिल थीं। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके पश्चात विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें शैक्षणिक और पाठ्येतर गतिविधियों का विवरण दिया गया।
सनातन धर्म और पौराणिक प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियां
इस वर्ष के समारोह की मुख्य विशेषता सनातन धर्म से जुड़ी हुई विशेष प्रस्तुतियां रहीं। इनमें ‘दुर्गा नृत्य’ और ‘कृष्ण लीला और गीता संवाद’ का मंचन प्रमुख रूप से शामिल था। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से यह दर्शाने का प्रयास किया गया कि जब-जब धरती पर पाप बढ़ता है और पापियों का बोलबाला बढ़ता है, तब देवी दुर्गा महिषासुर मर्दिनी बनकर वध करती हैं।
इसके साथ ही, बाल कृष्ण लीला और गीता सार के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जब-जब धरती पर पाप बढ़ता है, तब-तब ईश्वर इस धरती पर अवतरित होते हैं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए इन धार्मिक और सांस्कृतिक दृश्यों ने सभी का मन मोह लिया। जिस पर दीर्घा में बैठे बच्चों के अभिभावकों और अन्य लोगों ने खूब तालियाँ बजाईं।
इसके अलावा ग्राउंड आइटम्स के दौरान दर्शकों के बीच सबसे रोमांचक और हैरान करने वाला नजारा तब देखने को मिला जब विद्यार्थियों ने बिना किसी डर के आग के छल्लों और अपने बदन के ऊपर से बाइक को गुजारने का साहसिक प्रदर्शन किया। इस अद्भुत और जोखिम भरे करतब को देखकर हर कोई अपने कैमरे में इसे कैद करने को मजबूर हो गया।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और मुख्य अतिथि का संबोधन
कार्यक्रम के अगले चरण में शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि श्री आशीष कोहली, IAS, निदेशक, प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा, हिमाचल प्रदेश द्वारा सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और खेलकूद को जो महत्व दे रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में नशे से दूर रहने और पूरी तरह से अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
कार्यक्रम का औपचारिक समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गान के साथ किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सीईओ डॉ. संजीव मैनरा, प्रधानाचार्या पूनम ठाकुर, ट्रस्टी राजेंद्र ठाकुर, हंसराज ठाकुर और नितिन ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




















