Chamba Murder Case: चंबा जिले के भरमौर इलाके में धरवाला गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की क्रूर हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मृतक महिला की पहचान अंजू (44 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, उनके पति श्रवण कुमार (48 वर्ष) ने तेजधार दराट से उनकी हत्या की। हत्या के बाद श्रवण ने पास के पेड़ पर फंदा लगाकर अपनी जान ले ली। पुलिस ने अभी तक इस मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
स्थानीय पुलिस चौकी ध्यारा की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई है। चंबा के एसपी भी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं और जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात रात के दो से ढाई बजे के बीच हुई। अंजू और श्रवण कुमार के तीन बच्चे हैं – दो बेटियां और एक बेटा। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि श्रवण कुमार ने चार-पांच महीने पहले भी अपनी जान लेने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय उनके भाई ने उन्हें बचा लिया था। इस बार हालांकि वह ऐसा करने में सफल रहे।
फिलहाल हत्या के पीछे का कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में यह बात सामने आने की उम्मीद है कि आखिर इस दुखद घटना की वजह क्या थी। पूरा इलाका इस खबर से स्तब्ध है।

















