Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Chamba Road Accident: भरमौर में सड़क धंसने से खाई में गिरी पिकअप, एक की मौत, एक गंभीर घायल

Chamba News: चंबा जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। भरमौर-थल्ला मार्ग पर सड़क धंसने से एक पिकअप 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
Published on: 4 April 2026
Chamba Road Accident: भरमौर में सड़क धंसने से खाई में गिरी पिकअप, एक की मौत, एक गंभीर घायल

Chamba Road Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में जनजातीय क्षेत्र भरमौर के तहत आने वाले भरमौर-थल्ला मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। सुंकू टपरी के समीप सड़क के एक हिस्से का डंगा धंसने के कारण एक पिकअप अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

हादसे का शिकार हुए दोनों व्यक्ति आपस में चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन रात करीब 10 बजे भरमौर से पंसेई गांव की ओर जा रहा था। सुंकू टपरी के पास पहुंचते ही सड़क का डंगा अचानक धंस गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन के गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।

पुलिस और स्थानीय निवासियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला। मृतक की पहचान मदन लाल (पुत्र प्रेम सिंह), निवासी गांव पंसेई के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार (पुत्र पवन कुमार) को प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर ले जाया गया। घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वाहन की स्थिति से हादसे की भयानकता का अंदाजा लगाया जा सकता है, क्योंकि गिरने के कारण पिकअप के परखच्चे उड़ गए हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भरमौर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सड़क के किनारे डंगा धंसना ही इस हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। इस दुखद घटना के बाद पंसेई गांव और पूरे भरमौर क्षेत्र में शोक की लहर है।

Aaj Ki Khabrenbreaking news HimachalChamba HP newsChamba NewsChamba News TodayChamba samacharHimachal News HindiHimachal Pradesh Newshimachal road accident

Join WhatsApp

Join Now