Himachal Tourism: हिमाचल प्रदेश ने एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपनी मेहमाननवाजी से सबको प्रभावित किया है! ट्रैवल प्लेटफॉर्म की रिपोर्ट में हिमाचल प्रदेश को दुनिया के सबसे स्वागत करने वाले क्षेत्रों में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इस सूची में हिमाचल प्रदेश एकमात्र भारतीय क्षेत्र है, जहां पर्यटकों ने स्थानीय लोगों के व्यवहार, अपनापन और घरेलू माहौल को सबसे खास अनुभव बताया।
उल्लेखनीय है कि दुनिया भर के पर्यटकों के लिए पसंदीदा पर्यटन स्थल बन चुके हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2026 में वैश्विक स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल प्लेटफॉर्म Booking.com द्वारा जारी सूची में हिमाचल प्रदेश को दुनिया के सबसे मेहमाननवाज़ क्षेत्रों में पांचवां स्थान दिया गया है। इस सूची में हिमाचल प्रदेश एकमात्र भारतीय क्षेत्र है, जिसे जगह मिली है।
गौरतलब है कि यह रैंकिंग दुनिया भर के 37 करोड़ से अधिक सत्यापित यात्रियों की समीक्षाओं के आधार पर तैयार की गई है। खास बात यह रही कि इस मूल्यांकन में लक्जरी सुविधाओं या प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के बजाय मेहमाननवाज़ी और स्थानीय लोगों के व्यवहार को प्राथमिकता दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल आने वाले पर्यटकों ने स्थानीय लोगों के साथ चाय साझा करना, उनसे बातचीत करना और घरेलू माहौल वाले ठहराव को अपने अनुभव का सबसे खास हिस्सा बताया। पर्यटकों ने यहां के लोगों के अपनत्व और गर्मजोशी को सबसे बड़ी विशेषता माना।
बता दें कि मेहमाननवाज़ क्षेत्र में हॉस्पिटैलिटी को प्राथमिकता दी गई है, न कि लग्जरी या लैंडमार्क्स को। यात्री अक्सर छोटी-छोटी बातों का जिक्र करते हैं जैसे. स्थानीय लोगों द्वारा चाय पिलाना, दिल खोलकर बातचीत करना, घर जैसा अहसास देने वाले होमस्टे और ठहरने की व्यवस्था, जैसे कई महत्वपूर्ण चीजों पर यात्री समीक्षाओं से साफ झलकता है कि हिमाचल की खूबसूरती सिर्फ हिमालय की चोटियों और हरियाली तक सीमित नहीं है, बल्कि यहाँ की गर्मजोशी, सादगी और मानवीय जुड़ाव ही असली आकर्षण है।
ट्रैवल प्लेटफॉर्म की इस सूची में हिमाचल प्रदेश का नाम यूरोप, उत्तरी अमेरिका और एशिया के कई प्रसिद्ध क्षेत्रों के साथ शामिल हुआ है। पूरे यह सम्मान इस बात को दर्शाता है कि हिमाचल प्रदेश की पहचान सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता और पहाड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की संस्कृति, अपनापन और व्यक्तिगत संबंध पर्यटन का सबसे मजबूत आधार बन चुके हैं।
बता दें कि पर्यटन हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह क्षेत्र राज्य की जीएसडीपी (सकल राज्य घरेलू उत्पाद) में लगभग 7-8% का योगदान देता है और लाखों लोगों को प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष रोजगार प्रदान करता है। हिमाचल सरकार का मुख्य फोकस भी इसी क्षेत्र पर है, क्योंकि यहां पर्यटन में अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
बस आवश्यकता है स्थानीय लोगों के सहयोग की, जिससे इन अवसरों को और बेहतर तरीके से रोजगार सृजन में बदला जा सके। स्थानीय समुदाय की भागीदारी, मेहमाननवाजी की भावना और सतत विकास के प्रयासों से हिमाचल न केवल आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा, बल्कि दुनिया भर के पर्यटकों के लिए और भी आकर्षक गंतव्य बन जाएगा।















