Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Himachal Politics: जयराम ठाकुर का आरोप- कांग्रेस सरकार की भ्रष्ट नीतियों कारण हो रहा हिमाचल से उद्योगों का पलायन

Published on: 26 August 2025
Himachal Politics: जयराम ठाकुर का आरोप- कांग्रेस सरकार की भ्रष्ट नीतियों कारण हो रहा हिमाचल से उद्योगों का पलायन

Himachal Politics: कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों और भ्रष्टाचार के कारण राज्य से उद्योगों का पलायन हुआ है, जिसे रोकने में मुख्यमंत्री नाकाम साबित हुए हैं। विधानसभा सत्र के दौरान अपने कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि बिजली की दरों में बेतहाशा वृद्धि भी एक मुख्य कारण रहा है।

साथ ही जबरन उगाही करके उद्योगपतियों को परेशान किया गया, जिसका परिणाम यह है कि आज निवेश के बजाय उद्योगपति दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं, जो चिंताजनक बात है। पूर्व सरकार द्वारा प्रदेश में निवेश के लिए जो माहौल बनाया गया था, उसे वर्तमान सरकार ने पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। इसका खामियाजा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र के सातवें दिन प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक एवं पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने प्रदेश में नए उद्योग लगाने और उद्योगों के पलायन को लेकर सवाल पूछा था, लेकिन उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से जो जवाब दिया गया, उससे भाजपा विधायक दल असंतुष्ट होकर सदन से वॉकआउट कर गया। भाजपा विधायक दल ने मुख्यमंत्री पर सदन को बार-बार गुमराह करने का आरोप लगाया।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उद्योगों को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न पूछा गया, जिसका जवाब उद्योग मंत्री नहीं दे पाए। जब से कांग्रेस की सरकार आई है, तब से या तो उद्योग बंद हो रहे हैं या फिर प्रदेश से पलायन कर रहे हैं। उद्योगों का हिमाचल की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान है और रोजगार देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन यह सरकार उद्योगों को परेशान करने का काम कर रही है। सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। उद्योगों से उगाही की जा रही है, जिसके चलते यहां से उद्योग पलायन कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों और भ्रष्टाचार के कारण राज्य से उद्योग लगातार पलायन कर रहे हैं और बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है।

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद उसने औद्योगिक क्षेत्र को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय राज्य को मेडिकल डिवाइस पार्क और बल्क ड्रग पार्क जैसी बड़ी परियोजनाएं मिली थीं, लेकिन मौजूदा सरकार उद्योग बचाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में कोई बड़ा उद्योग स्थापित नहीं हुआ। उल्टा, बिजली दरों में भारी वृद्धि के कारण उद्योग हिमाचल से बाहर जा रहे हैं। सरकार में बैठे लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और बड़े उद्योगपति यहां निवेश करने से डर रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस नेताओं के परिवार तक उगाही और दबाव डालने में लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकाल में धर्मशाला में इन्वेस्टर मीट हुई, जिसमें 703 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) के जरिए 96 हजार 721 करोड़ रुपये के निवेश पर सहमति बनी। पहली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में 13 हजार 488 करोड़ की 236 परियोजनाएं शुरू हुईं, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित भाई शाह शामिल हुए थे।

दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में 28 हजार 197 करोड़ रुपये की 287 परियोजनाएं जमीन पर उतरीं, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं शामिल हुए थे। हमने उद्योगों के माध्यम से हजारों बेरोजगारों को रोजगार दिया था, जबकि मौजूदा सरकार उद्योगपतियों को डराकर बेरोजगारी बढ़ा रही है।

Aaj Ki KhabrenHimachal Latest NewsHimachal NewsHimachal News in HindiHimachal politicsHimachal Politics NewsHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh samacharHimachal updateHP News Today

Join WhatsApp

Join Now