Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Himachal News: शान्ता कुमार ने बद्दी की एसपी इलमा अफरोज के छुट्टी पर जाने को लेकर उठाए सवाल..!

Published on: 17 November 2024
Himachal News: शान्ता कुमार ने बद्दी की एसपी इलमा अफरोज के छुट्टी पर जाने को लेकर उठाए सवाल..!

Himachal News: पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री शान्ता कुमार ( Former CM Shanta Kumar ) ने कहा कि बद्दी की पुलिस अधीक्षक इलमा अफरोज ( Ilma Afroz ) का रात के समय अपना सामान समेटकर बद्दी से चले जाना एक रहस्य बन गया है, जो दिन-प्रतिदिन गहरा होता जा रहा है। उन्होंने बताया कि इलमा अफरोज को विशेष रूप से शिमला बुलाया गया था और इसके बाद वे बद्दी लौटीं, लेकिन रात के समय अपना सामान लेकर अपने घर चली गईं। यह घटना अपने आप में सवाल खड़े करती है।

शान्ता कुमार ने कहा कि यदि इलमा अफरोज ने कोई अपराध किया है, जिसके कारण सरकार ने उन्हें छुट्टी पर भेजा है, तो यह पूरी सच्चाई सरकार को जनता के सामने लानी चाहिए। यदि उनके अच्छे कामों के कारण प्रभावशाली लोग नाराज हुए और उन्हें छुट्टी पर भेजा गया, तो यह एक गंभीर मुद्दा है। उन्होंने यह भी कहा कि खनन जैसे अवैध धंधों में आम लोग नहीं बल्कि कुछ बड़े लोग और नेता शामिल होते हैं, जो इन अवैध गतिविधियों को समर्थन देते हैं। ऐसी कई खबरें हैं कि इलमा अफरोज के ईमानदार कामों के कारण कुछ बड़े स्थानीय नेता नाराज थे, और उन्होंने ही उन्हें छुट्टी पर भेजा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों का स्तर देशभर में श्रेष्ठ माना जाता है, और यह राज्य के प्रशासनिक तंत्र की एक बड़ी विशेषता है। ऐसे में एक महिला पुलिस अधीक्षक के साथ यह रहस्य नहीं बना रहना चाहिए।

शान्ता कुमार ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि यदि इलमा अफरोज के अच्छे कार्यों के कारण उन्हें छुट्टी पर भेजा गया और उनके साथ अन्याय हुआ, तो यह समझ से परे है कि अधिकारी-कर्मचारी संगठन इस पर चुप क्यों हैं। उन्होंने कर्मचारी यूनियनों से अपील की कि वे केवल अपने अधिकारों और भत्तों के लिए ही नहीं बल्कि ऐसे मामलों में भी आवाज उठाएं, जब किसी ईमानदार अधिकारी के अच्छे कामों के कारण उसे सजा दी जाती है।

अंत में, शान्ता कुमार ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) से विशेष आग्रह किया कि इस रहस्य पर से पर्दा उठाया जाए और यदि इलमा अफरोज ने कोई साहसिक कार्य किया है, तो उसे सम्मानित करने का साहस दिखाया जाए।

CM Sukhwinder Singh SukhuHimachal Latest NewsHimachal Newshimachal news cm sukhuHimachal News in HindiHimachal politicsHimachal Politics NewsHimachal Pradesh NewsHP Latest NewsHP News in Hindi

Join WhatsApp

Join Now