Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

शिमला में एएसपी पर महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज

यौन उत्पीडन

प्रजासत्ता|
जिला शिमला पुलिस के एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और जिले की यौन उत्पीड़न रोकथाम कमेटी के चेयरमैन पर महिला हेड कांस्टेबल ने शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का मामला दर्ज करवाया है।

शिमला शहर के महिला थाने में पुलिस को दी शिकायत में कहा गया है कि यह पुलिस अफसर कई दिनों से उसे तंग कर रहा था और आपत्तिजनक बातें और मांग उससे रख रहा था। पुलिस अफसर पर आरोप है कि उसने पत्नी को गाड़ी सिखाने के बहाने उसे अपने घर बुलाया।

एक दिन उसने कहा कि उसकी पत्नी उससे मिलना चाहती है। जब वह उससे घर गई तो उस अफसर के अलावा वहां कोई नहीं था। आरोपी अफसर ने उसके साथ छेड़खानी की। आरोप है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी पीड़ित हेड कांस्टेबल के साथ छेड़खानी की गई। इस बात की जानकारी उसने अपने सहकर्मियों को भी दी।

महिला पुलिस थाने ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की दी है। बताया जा रहा है कि मामले की जांच सीआईडी को सौंपी जा रही है। इसके अलावा प्रदेश पुलिस की राज्यस्तरीय यौन उत्पीड़न रोकथाम कमेटी को भी मामला दिया जा रहा है।

इसकी जांच एसपी रैंक की एक महिला पुलिस अफसर करेंगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पुलिस अफसर को शिमला पुलिस के अहम पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय में अटैच करने के भी निर्देश दिए जा रहे हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक शिमला मोहित चावला ने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया, जबकि डीजीपी संजय कुंडू से संपर्क किया गया, लेकिन उनकी ओर से भी कोई जवाब नहीं मिला। 

Aaj Ki KhabrenHimachal Latest NewsHimachal News in HindiHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh samacharHimachal updateHP government newsHP News Today

Join WhatsApp

Join Now