Kangra News: कांगड़ा जिला के फतेहपुर विधानसभा के मैरा वार्ड से पूर्व जिला परिषद सदस्य रहे बगीचा सिंह अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। कुटवासी पंचायत के रहने वाले बगीचा सिंह अपने मिलनसार और हँसमुख स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके जाने से क्षेत्र ने एक ऐसा व्यक्ति खो दिया है जो हमेशा रौनक बनाए रखता था।
बताया जा रहा है कि बीते दिन घर पर उन्हें अचानक सांस लेने में तकलीफ महसूस हुई। परिजन उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल फतेहपुर ले गए, जहाँ से उन्हें जालंधर के टैगोर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
उनके निधन पर विधायक भवानी सिंह पठानिया, राजपूत सभा के प्रधान नरेंद्र मनकोटिया, समाजसेवी रघुबीर पठानिया और पूर्व बीडीसी हरपाल सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने गहरा दु:ख जताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बगीचा सिंह एक जिंदादिल इंसान थे, जो हर किसी के सुख-दु:ख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते थे। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

















