Kullu Road Accident: कुल्लू जिले के नित्थर उपतहसील स्थित ग्राम पंचायत दुराह से एक बेहद दु:खद सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। वीरवार रात करीब सवा आठ बजे दुराह के डवार्च मार्ग पर सेरी के समीप एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार सड़क से फिसलकर सीधे 500 मीटर नीचे खाई में जा समाई, जिससे उसमें सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार दुराह गांव की तरफ बढ़ रही थी, तभी सेरी के पास चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। हालांकि, अंधेरे और अत्यंत विकट ढलान के कारण राहत कार्य में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस दर्दनाक हादसे में अपनी जान गंवाने वाले दोनों व्यक्तियों की शिनाख्त कर ली गई है। मृतकों की पहचान शाह (ग्राम पंचायत लोट) निवासी हरि सिंह और डवार्च (ग्राम पंचायत दुराह) निवासी श्याम लाल के रूप में हुई है। हादसे में आल्टो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गई है।
गौरतलब है कि गहरी खाई और विषम परिस्थितियों के कारण शवों को सुरक्षित बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य साबित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी नित्थर की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया।
बता दें कि वीरवार रात से शुरू हुआ यह संघर्ष शुक्रवार दोपहर तक जारी रहा। कड़ी मेहनत के बाद शुक्रवार दोपहर तक दोनों शवों को खाई से खींचकर सड़क तक पहुंचाया जा सका। शवों को कब्जे में लेने के पश्चात पुलिस ने उन्हें पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए सिविल अस्पताल निरमंड भेज दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी आनी राजीव मेहता ने हादसे की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन अनियंत्रित होने से यह दु:खद दुर्घटना घटी है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


















