Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Tirthan Valley Tourism: तीर्थन घाटी में पर्यटन सीजन में रेव पार्टियों और ड्रग्स पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, कारोबारियों संग बनी रणनीति..!

Himachal Tourism Safety Guidelines: आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए तीर्थन संरक्षण एवं पर्यटन विकास एसोसिएशन की शाईरोपा में समन्वय बैठक, नशे पर लगाम, ध्वनि प्रदूषण और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर बंजार पुलिस ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश।
Updated By Paras Ram Bharti
Published on: 30 सितम्बर 2026
Tirthan Valley Tourism: तीर्थन घाटी में पर्यटन सीजन में रेव पार्टियों और ड्रग्स पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, कारोबारियों संग बनी रणनीति..!

Tirthan Valley Tourism: आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए तीर्थन घाटी में पर्यटन कारोबार को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से तीर्थन संरक्षण एवं पर्यटन विकास एसोसिएशन की ओर से ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की तीर्थन रेंज स्थित शाईरोपा सभागार में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान वरुण भारती ने की, जबकि उप पुलिस अधीक्षक बंजार राज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में तीर्थन घाटी के होटल एवं होम-स्टे संचालकों, पर्यटन कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों तथा स्थानीय युवाओं ने भाग लिया। पर्यटन कारोबारियों ने एसडीपीओ राज कुमार का हिमाचली टोपी और मफलर पहनाकर स्वागत किया।

बैठक के दौरान एसडीपीओ राज कुमार ने उपस्थित पर्यटन कारोबारियों और स्थानीय लोगों को सिंथेटिक नशे की रोकथाम, डीजे एवं लाउडस्पीकर के निर्धारित नियमों के पालन, किरायेदारों के सत्यापन, सी-फॉर्म, महिला सुरक्षा तथा आपातकालीन सहायता और ड्रग्स की सूचना के लिए 112 हेल्पलाइन नंबर के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन सीजन में रेव पार्टियों और ड्रग्स गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इस तरह की अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में आई जाएगी।

उन्होंने होटल एवं होम-स्टे संचालकों से आग्रह किया कि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे और लाउडस्पीकर का प्रयोग बिल्कुल न किया जाए। अन्य समय में भी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति, निर्धारित ध्वनि सीमा तथा लागू नियमों का पालन करते हुए ही ध्वनि उपकरणों का प्रयोग किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पर्यटकों के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था पर जोर
बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधिकारी ने होटल एवं होम-स्टे संचालकों से आग्रह किया कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को अपने वाहन निर्धारित होटल पार्किंग अथवा चिन्हित और उपयुक्त पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने के लिए प्रेरित करें। इससे सड़कों पर अनावश्यक जाम और यातायात में बाधा से बचा जा सकेगा।

नदी किनारे सुरक्षा और सीसीटीवी लगाने की अपील
पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी किनारे संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी एवं सूचना बोर्ड लगाने तथा होटल, होम-स्टे और अन्य परिसरों में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के लिए भी जागरूक किया गया।

उप मंडल पुलिस अधिकारी द्वारा नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि अथवा संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ स्थानीय लोगों और पर्यटन कारोबारियों का सहयोग आवश्यक है।

पुलिस प्रशासन को सहयोग का दिया आश्वासन
बैठक में उपस्थित पर्यटन कारोबारियों और स्थानीय युवाओं ने सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक में अजय सिंह, गोविंद सिंह ठाकुर, उपेंद्र सिंह, पंकी सूद, तरुण ठाकुर, लोकेश्वर सिंह, महेंद्र बिष्ट, राजेंद्र सिंह, संजय कुमार, फतेह चंद, राघव कालरा, राकेश ठाकुर, नरेश कुमार और मेघा गौर सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Banjar NewsHimachal Pradesh PoliceHimachal TourismTirthan Valley NewsTirthan Valley Tourism

Join WhatsApp

Join Now