AICC Secretaries Interview: कांग्रेस संगठन में नई टीम तैयार करने की कवायद अब तेज हो गई है। AICC सचिवों की नियुक्ति के लिए पार्टी ने 100 से ज्यादा संभावित नेताओं की सूची तैयार की है। इन नेताओं के इंटरव्यू की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल खुद संभावितों से बातचीत कर रहे हैं।
राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। दिल्ली से भी तीन नेताओं को इंटरव्यू के लिए बुलाए जाने की जानकारी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इंटरव्यू प्रक्रिया कई चरणों में होगी। इसमें संभावित नेताओं के संगठनात्मक अनुभव, अपने राज्य में पकड़, पार्टी के लिए अब तक किए गए काम और भविष्य में संगठन को मजबूत करने की क्षमता को परखा जा रहा है।
कांग्रेस में राष्ट्रीय संगठन के पदों पर नियुक्ति को लेकर अब केवल राजनीतिक वरिष्ठता के बजाय काम के रिकॉर्ड और जमीनी सक्रियता को भी अहम कसौटी माना जा रहा है। यह कवायद ऐसे समय हो रही है जब कांग्रेस हाईकमान राज्यों में संगठन को चुनावी मोड में लाने में जुटा है।
शनिवार को पार्टी ने छह राज्यों के प्रभारियों में बड़ा फेरबदल किया। सचिन पायलट को पंजाब, भूपेश बघेल को असम और रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी बनाया गया। सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़, डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र और पीवी मोहन को आंध्र प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। सुरजेवाला गुजरात के साथ कर्नाटक का प्रभार भी संभालेंगे।
हालिया फेरबदल में हाईकमान ने संगठन संभालने की क्षमता और चुनावी राज्यों में चुनौती से निपटने वाले नेताओं पर भरोसा जताया है। सबसे अहम फैसला सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी देना है। पंजाब में गुटबाजी के बीच पायलट को संगठन को एकजुट करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी की जिम्मेदारी मिली है।
वहीं सुरजेवाला को गुजरात की जिम्मेदारी के साथ कर्नाटक का प्रभार बनाए रखना उनके संगठनात्मक अनुभव पर भरोसे का संकेत माना जा रहा है। सुखदेव भगत, सिरिवेल्ला प्रसाद और पीवी मोहन को नई जिम्मेदारियां देकर पार्टी ने क्षेत्रीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व का संतुलन भी साधने की कोशिश की है। AICC सचिवों के इंटरव्यू में भी इसी तरह काम करने वाले, राज्यों में सक्रिय और संगठन को जमीन तक ले जाने वाले चेहरों को प्राथमिकता मिलने के संकेत हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद AICC सचिवों की नियुक्ति की घोषणा जल्द ही की जा सकती है। इस नियुक्ति से संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिलेगी और आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति को धार देने में मदद मिलेगी।


















