Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Major Swathi Shantha Kumar: जानिए कौन है मेजर स्वाति शांति कुमार, साउथ सूडान में हजारों महिलाओं को ‘महफूज’ करने पर UN ने दिया बड़ा पुरस्कार

Published on: 12 January 2026
Major Swathi Shantha Kumar: जानिए कौन है मेजर स्वाति शांति कुमार, साउथ सूडान में हजारों महिलाओं को 'महफूज' करने पर UN ने दिया बड़ा पुरस्कार

Indian Army Officer Major Swathi Shantha Kumar : साउथ सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन (UNMISS) के तहत तैनात भारतीय सेना की अधिकारी मेजर स्वाति शांति कुमार को साल 2025 का UN Secretary General Award दिया गया है। यह सम्मान उन्हें शांति अभियानों में बेहतरीन योगदान के लिए मिला है। बता दें कि संयुक्त राष्ट्र के पीसकीपिंग ऑपरेशन्स (शांति अभियानों) के दौरान असाधारण योगदान के लिए ये पुरस्कार दिया जाता है।

उल्लेखनीय है कि मेजर स्वाति को यह पुरस्कार उनके विशेष प्रोजेक्ट ‘Equal Partners, Lasting Peace’ के लिए दिया गया है। इस पहल के जरिए साउथ सूडान में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत किया गया और स्थानीय समुदायों के साथ बेहतर तालमेल बनाया गया।

31 वर्षीय मेजर स्वाति के नेतृत्व में भारतीय टीम ने जल, थल और हवाई मार्गों से पेट्रोलिंग की। इसका सीधा फायदा दूरदराज इलाकों में रहने वाली महिलाओं को मिला। इन प्रयासों से 5 हजार से अधिक महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल तैयार हुआ और वे समाज में खुलकर अपनी भागीदारी निभा सकीं।

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए कहा कि इससे UNMISS में लैंगिक समानता को बढ़ावा मिला है। उन्होंने इसे शांति स्थापना की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।

चार फाइनलिस्ट्स में सबसे ज्यादा वोट हासिल कर मेजर स्वाति ने यह पुरस्कार अपने नाम किया। वे भारतीय सेना की इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स (EME) कोर की अधिकारी हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मेजर स्वाति के पिता आर. शांता कुमार ने कहा कि उन्हें बेटी पर गर्व है, हालांकि मुश्किल हालात में काम करने की वजह से चिंता भी रहती है। उन्होंने इसे स्वाति की मेहनत और अनुशासन का सम्मान बताया।

बेंगलुरु की रहने वाली मेजर स्वाति ने सेंट चार्ल्स हाई स्कूल से पढ़ाई की। इसके बाद क्राइस्ट कॉलेज से प्री-यूनिवर्सिटी और न्यू होराइजन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से ग्रेजुएशन किया। सेना में आने से पहले उन्होंने एक साल तक आईबीएम में भी काम किया।करीब 15 महीनों से साउथ सूडान में तैनात मेजर स्वाति जल्द भारत लौट सकती हैं, जिसके बाद उनकी पोस्टिंग सिकंदराबाद में होने की संभावना है।

गौरतलब है कि साउथ सूडान में महिलाओं की स्थिति सुधारने के लिए संयुक्त राष्ट्र की शांति सेना काम कर रही है। भारत भी इन अभियानों में अहम भूमिका निभा रहा है और फिलहाल संयुक्त राष्ट्र के कई शांति मिशनों में भारतीय सैनिक तैनात हैं।

Aaj Ki Khabrenbreaking news todayIndia government newsIndia politics newslatest news Indianational headlinesNational Newstop news India

Join WhatsApp

Join Now