Prajasatta Side Scroll Menu

TVK ने पेश किया तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा, बहुमत साबित करने के लिए मांगा दो सप्ताह का समय

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। बहुमत से 10 सीटें पीछे रहने के बावजूद, उन्होंने राज्यपाल को पत्र लिखकर सरकार गठन का दावा पेश किया है।
Tamil Nadu New CM: Vijay Thalapathy

Tamil Nadu New CM: अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के साथ ही तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां बहुत तेज हो गई हैं। राज्य की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं, जो बहुमत के आंकड़े से 10 कम हैं। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद पार्टी ने राज्य में सरकार बनाने के लिए पूरी तैयारी शुरू कर दी है।

पार्टी के अध्यक्ष और अभिनेता विजय ने राज्यपाल को पत्र लिखकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। पार्टी की ओर से राज्यपाल को भेजे गए ई-मेल में विजय ने कहा कि चूंकि टीवीके सबसे बड़ी पार्टी है, इसलिए उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए। पार्टी ने बहुमत साबित करने के लिए विधानसभा में मौका दिए जाने का अनुरोध भी किया है। टीवीके सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने सदन में बहुमत साबित करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है।

राजनीतिक और कानूनी जानकारों के अनुसार, किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत न मिलने की स्थिति में राज्यपाल कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लेंगे। इस बीच, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और सुरक्षा के मद्देनजर विजय के पनैयूर स्थित आवास के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

इसे भी पढ़ें:  माफिया अतीक की याचिका पर SC में सुनवाई

उल्लेखनीय है कि विजय ने स्वयं इस चुनाव में दो सीटों पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट से जीत हासिल की है। राजनीतिक हलकों में यह संभावना जताई जा रही है कि वह एक सीट से इस्तीफा दे सकते हैं और पेरंबूर सीट अपने पास रख सकते हैं।

अपनी सरकार बनाने के लिए विजय को छोटी पार्टियों को अपने साथ लाना होगा। तमिलनाडु में वीसीके के 2, लेफ्ट के 4, कांग्रेस के 5 और IUML के 2 विधायक हैं। PMK के पास भी 4 विधायक हैं और वह गठबंधन के लिए पूरी तरह तैयार है। डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने मंगलवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी की हार के बाद उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को अपना इस्तीफा दे दिया है।

इसे भी पढ़ें:  Leonardo DiCaprio: टाइटैनिक स्टार लियोनार्डो डिकाप्रियो ने की हिमंत विस्वा सरमा सरकार की तारीफ, जानें क्यों

बता दें कि  चुनाव परिणामों के तुरंत बाद, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने विजय से बातचीत कर टीवीके के इस शानदार प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि यह जनादेश युवाओं की बढ़ती आवाज को दर्शाता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। उन्होंने इसके साथ ही तमिलनाडु और पुडुचेरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रयासों की भी जमकर सराहना की।

वहीं, दूसरी ओर तमिलनाडु के लिए कांग्रेस प्रभारी गिरिश चोडणकर ने कहा कि ये परिणाम पूरी तरह से अप्रत्याशित थे और पार्टी का प्रदर्शन उनकी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। चोडणकर ने आगे कहा कि इस चुनाव में एक स्पष्ट लहर टीवीके के पक्ष में थी, और राज्य के युवाओं तथा महिलाओं ने बड़े बदलाव के लिए अपना मतदान किया है।

इसे भी पढ़ें:  रेड लाइट एरिया जीबी रोड में चली गोली, दो लोग घायल

इस बीच, एक खबर के मुताबिक जाने-माने राजनीतिक विश्लेषक सुमंत रमण का मानना है कि विजय को पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की आवश्यकता नहीं है। उनके अनुसार, राज्यपाल उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं और उसके बाद सदन में शक्ति परीक्षण कराया जा सकता है।

सुमंत रमण ने ‘एक्स’ पर अपने विचार साझा करते हुए लिखा कि विजय द्रमुक और अन्नाद्रमुक को चुनौती दे सकते हैं कि वे उन्हें विश्वास मत में हराकर दिखाएं। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों प्रमुख दल फिलहाल की स्थिति में ऐसा करने का साहस नहीं करेंगे। ऐसी स्थिति में कुछ विधायक मतदान से दूर रह सकते हैं, जिससे सरकार अपना बहुमत साबित कर सके और अल्पमत सरकार चल सकती है, जब तक कि अन्य सभी दल एकजुट होकर उसे गिराने का प्रयास न करें।

Kasauli International Public School, Sanwara (Shimla Hills)
Tamil Nadu assembly election Tamil Nadu New CM Tamil Nadu News Vijay Thalapathy

Join WhatsApp

Join Now