Kala Amb Barrier Accident: जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में हिमाचल-हरियाणा की सीमा पर रविवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। इंटर स्टेट बैरियर चेक पोस्ट पर तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक अचानक बेकाबू होकर जा घुसा। ट्रक की टक्कर से चेक पोस्ट का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें दो कर्मी अर्जुन और श्रवण घायल हुए हैं। दोनों को चोटें आई हैं, जबकि हादसे में यहां तैनात दूसरे कर्मियों ने भागकर जान बचाई।
हादसा सुबह करीब 4:20 बजे हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में कंटेनर ट्रक तेज रफ्तार से सीधे चेक पोस्ट की ओर आता दिखाई देता है। खतरे को भांपते ही वहां मौजूद कर्मचारी कुछ ही सेकंड में पीछे हटकर सुरक्षित स्थान की ओर भागते हैं और इसके तुरंत बाद ट्रक चेक पोस्ट से जा टकराता है।
हादसे के समय एआरटीओ कार्यालय का एक कर्मचारी समेत चार लोग चेक पोस्ट पर ड्यूटी पर मौजूद थे। ट्रक को तेजी से अपनी ओर आता देखकर कर्मचारियों ने समय रहते खुद को पीछे कर लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, घटना में दो लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि इंटर स्टेट बैरियर का ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के अलावा हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि कंटेनर अनियंत्रित कैसे हुआ। जांच में वाहन की गति, ब्रेक फेल होने की आशंका और चालक की स्थिति समेत अन्य पहलुओं को शामिल किया गया है। हादसे का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। ये कंटेनर हरियाणा से हिमाचल में प्रवेश कर रहा था।
कालाअंब हिमाचल और हरियाणा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण औद्योगिक सीमा क्षेत्र है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में भारी व्यावसायिक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में चेक पोस्ट पर हुई इस दुर्घटना ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले भी हो चुका ऐसा हादसा
इससे पहले भी नाहन की तरफ से आया एक ट्रक अनियंत्रित होकर टोल बैरियर से टकरा चुका है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच टोल कर्मियों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी इंतजाम किए जाने की मांग उठ रही है।
पुलिस ने कंटेनर कब्जे में लिया
हादसे के बाद टोल कर्मियों ने कालाअंब स्थित हरियाणा पुलिस चौकी में शिकायत दी। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। हालांकि, बाद में कंटेनर चालक और टोल कर्मियों के बीच आपसी बातचीत से समझौते की बात सामने आई।
हरियाणा पुलिस चौकी प्रभारी राजीव कुमार के अनुसार, कंटेनर चालक और टोल कर्मियों ने आपसी समझौते की पेशकश की है। दोनों पक्षों को समझौते के लिए समय दिया गया है। यदि दोनों पक्षों में समझौता नहीं होता है तो मामला दर्ज कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।


















