Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Pesapallo World Cup 2026: सिरमौर के प्रकाश ठाकुर सिडनी में संभालेंगे भारत की कमान

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आयोजित होने वाले 12वें पैसापालो वर्ल्ड कप में भारत का नेतृत्व हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के प्रकाश ठाकुर करेंगे। 5 देशों के इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम तीनों वर्गों में चुनौती पेश करेगी।
Updated By ND Prajasatta
Published on: 1 अक्टूबर 2026
Pesapallo World Cup 2026: सिरमौर के प्रकाश ठाकुर सिडनी में संभालेंगे भारत की कमान

Pesapallo World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में 2 से 5 अक्तूबर तक होने वाले 12वें पैसापालो वर्ल्ड कप में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई निवासी प्रकाश ठाकुर भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे।भारतीय टीम 29 सितंबर को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हुई है और 9 अक्तूबर को भारत लौटेगी। दुनिया के पांच देशों की भागीदारी वाले इस विश्व कप में भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी और फिनलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। मुकाबले सिडनी के लायनल वाट्स पार्क में खेले जाएंगे।

प्रकाश ठाकुर के लिए यह सफर खास इसलिए भी है क्योंकि सिरमौर के दुर्गम गिरिपार क्षेत्र के शिलाई से निकलकर उन्होंने पैसापालो में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई है। वर्ष 2016 में इस खेल से जुड़ने के बाद प्रकाश ने लगातार अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भाग लेकर भारतीय टीम तक का सफर तय किया। जून 2026 में भी उनकी कप्तानी में हिमाचल प्रदेश ने 17वीं नेशनल पैसापालो चैंपियनशिप के सीनियर मिक्स वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।ल

हिमाचल में खेल को आगे बढ़ाने में भी प्रकाश की अहम भूमिका
हिमाचल प्रदेश में पैसापालो को गांव और स्कूल स्तर तक पहुंचाने में प्रकाश ठाकुर की भूमिका को खेल से जुड़े लोग अहम मानते हैं। हिमाचल प्रदेश पैसापालो एसोसिएशन के संस्थापक सचिव डीसी शर्मा के अनुसार प्रदेश में इस खेल के प्रति बच्चों और युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है। उनके मुताबिक प्रकाश ठाकुर ने हिमाचल में पैसापालो को पहचान दिलाने और खिलाड़ियों को इस खेल से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

एसोसिएशन के अनुसार प्रदेश में अब करीब 250 से 300 खिलाड़ी पैसापालो में सक्रिय रुचि ले रहे हैं और राज्य टीम में जगह बनाने के लिए अभ्यास कर रहे हैं। कई खिलाड़ी भारतीय टीम में चयन का लक्ष्य लेकर भी प्रशिक्षण ले रहे हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखा प्रकाश की कप्तानी का असर
प्रकाश ठाकुर की कप्तानी में हिमाचल की टीम ने इस साल जून में सोलन के कुनिहार में आयोजित 17वीं सीनियर नेशनल पैसापालो चैंपियनशिप के सीनियर मिक्स वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। प्रतियोगिता में देशभर की टीमों ने हिस्सा लिया था। हिमाचल ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

भारत का पैसापालो वर्ल्ड कप में यह सफर भी नया नहीं है। भारतीय टीम ने पहली बार 2017 में फिनलैंड के तुर्कू में वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था। 2019 में पुणे में आयोजित वर्ल्ड कप में भारत की महिला और मिक्स टीम ने कांस्य पदक जीता था। 2026 के सिडनी वर्ल्ड कप में भारत पुरुष, महिला और मिक्स वर्गों में हिस्सा ले रहा है।

शिलाई से सिडनी तक का सफर सिरमौर के लिए गर्व का पल
प्रकाश ठाकुर का विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी तक पहुंचना सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के लिए भी बड़ी उपलब्धि है। जिस खेल को उन्होंने वर्ष 2016 में अपनाया, उसी में लगातार प्रदर्शन करते हुए वह राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिमाचल की अगुवाई कर चुके हैं और अब विश्व कप में देश की टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

बता दें कि 12वां पैसापालो वर्ल्ड कप 2 से 5 अक्तूबर तक सिडनी में होगा। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिता में पुरुष, महिला और मिक्स वर्गों के मुकाबले खेले जाएंगे। विश्व कप के लिए भारतीय टीम की यात्रा 29 सितंबर से 9 अक्तूबर तक निर्धारित है।

Himachal SportsIndian Pesapallo TeamPesapallo World Cup 2026Prakash ThakurSydney Sports News

Join WhatsApp

Join Now