Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

Dharamshala Ragging Case: भाजपा विधायक सुधीर शर्मा का तीखा हमला, सुक्खू सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Dharamshala Ragging Case: भाजपा विधायक सुधीर शर्मा का तीखा हमला, सुक्खू सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Dharamshala Ragging Case: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित सरकारी डिग्री कॉलेज में कथित रैगिंग, मारपीट और यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच एक 19 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत की घटना पर राजनीतिक बवाल तेज हो गया है। भाजपा विधायक और धर्मशाला से पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने इस मामले को प्रदेश सरकार के लिए शर्मनाक करार देते हुए कड़ी नाराजगी जताई है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि बाघनी पंचायत की इस छात्रा की अवसाद और सदमे में मौत बेहद हृदयविदारक है। कॉलेज की चार छात्राओं पर मारपीट और धमकाने के साथ-साथ एक प्रोफेसर पर अश्लील व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। उन्होंने इसे प्रदेश की कांग्रेस सरकार की बड़ी विफलता बताया और कहा कि ऐसे मामले निकम्मी सरकार की नाक के नीचे हो रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक है।

विधायक ने पीड़ित परिवार के साथ एकजुटता दिखाते हुए कहा कि वह डटकर उनके साथ खड़े हैं और न्याय दिलवाकर रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस मामले को दबाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अब परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हिमाचल प्रदेश शैक्षणिक संस्थान (रैगिंग निषेध) अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। सुधीर शर्मा ने कॉलेज प्रबंधन में तैनात शिक्षकों को भी दोषी ठहराया और कहा कि राजनीतिक संरक्षण के चलते ऐसे लोग बचते रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो भाजपा सड़कों पर उतरेगी। परिवार ने 20 दिसंबर को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसे जांच के लिए धर्मशाला थाने भेजा गया था, लेकिन त्वरित कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि छात्रा की गंभीर बीमारी और सदमे के कारण वे पहले शिकायत नहीं कर पाए।

भाजयुमो ने भी उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश महामंत्री शाश्वत कपूर ने भी इस घटना पर गहरा रोष जताया है। उन्होंने  धर्मशाला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। शाश्वत कपूर ने कहा कि आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि छात्रा ने प्रोफेसर के खिलाफ लिखित और मौखिक शिकायतें की थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कॉलेज की एंटी-रैगिंग और आंतरिक शिकायत समितियां सिर्फ कागजों पर अस्तित्व में हैं, धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा। इसके चलते कॉलेज में डर का माहौल बना, जिसने एक युवा जीवन को छीन लिया।

भाजयुमो नेता ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। भाजपा का कहना है कि पार्टी पीड़ित परिवार को पूरा न्याय दिलवाएगी और मामले को दबाने वालों का भी पर्दाफाश करेगी।

Kangra district newsKangra Himachal updatekangra latest newsKangra NewsKangra News TodayKangra samachar

Join WhatsApp

Join Now