Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Chamba Murder Case: पार्टी में दोस्तों के बीच खूनी संघर्ष, पत्थर से वार कर ली जान

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी, पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच तेज कर दी है।
Chamba Murder Case: पार्टी में दोस्तों के बीच खूनी संघर्ष, पत्थर से वार कर ली जान

Chamba Murder Case: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले की पलूहीं पंचायत से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां महज एक मामूली कहासुनी ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक दोस्त ने दूसरे दोस्त के सिर पर पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या की इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक यह मामला शुक्रवार सुबह उस समय प्रकाश में आया जब बरौर पंचायत के झल्ल गांव के निवासी अजय सिंह का शव ग्रामीणों ने सड़क के निचले हिस्से में खून से लथपथ हालत में देखा। स्थानीय लोगों ने पाया कि पलूही मार्ग पर भी काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ था, जिससे यह साफ जाहिर हो रहा था कि संघर्ष काफी भीषण रहा होगा। ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की सूचना परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी।

इसे भी पढ़ें:  चंबा में शोक मनाने जा रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप खाई में गिरी, 2 महिलाओं की मौत, 28 घायल

सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमन चौधरी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान ही इसे हत्या का मामला मानकर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस की अब तक की जांच में यह दु:खद तथ्य सामने आया है कि गुरुवार रात को अजय सिंह अपने दो दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। इस दौरान किसी अज्ञात विषय पर उनके बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि गुस्से में आकर अरुण कुमार ने पास पड़े एक पत्थर से अजय सिंह के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इसे भी पढ़ें:  चंबा: दिव्यांग के खाते से पेंशन के पैसे निकालने पर डाकपाल सस्पेंड

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अरुण कुमार ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की और शव को उठाकर सड़क के निचले हिस्से में फेंक दिया ताकि यह एक दुर्घटना लगे। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस की सूझबूझ और इनपुट के आधार पर अजय के दोनों दोस्तों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। गहन पूछताछ में आरोपी अरुण कुमार की संलिप्तता स्पष्ट हो गई।

चम्बा पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार पुत्र नुधिया राम, निवासी गांव बलियारा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब तीसरे दोस्त की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रहा है कि क्या वह इस अपराध में शामिल था या केवल एक मूकदर्शक बना रहा। पुलिस का कहना है कि विस्तृत पूछताछ के बाद ही हत्या के सटीक कारणों और पूरी घटना के क्रम का खुलासा हो पाएगा।

इसे भी पढ़ें:  सलूणी के थत्थीधार पर बरपा आसमानी बिजली का कहर, डेढ़ दर्जन भेड़-बकरियों की मौत

चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सदर पुलिस थाना चम्बा में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शुक्रवार दोपहर बाद मेडिकल कॉलेज चम्बा में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है ताकि न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

Chamba Crime News Chamba Murder Case Chamba News Chamba News Today

Join WhatsApp

Join Now