Solan News: जुपिटर इंटरनेशनल लिमिटेड, बद्दी द्वारा ‘स्नेह स्पर्श’ पहल के अंतर्गत कृष्णगढ़ पब्लिक स्कूल, कुठाड़ में एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर (मेडिकल कैंप) का आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्राम पंचायत कृष्णगढ़, बुघार कनैता, दाड़वा, निचली गौगुड़ी, जगजीतनगर और मंडहेसर के ग्रामीणों सहित स्कूली बच्चों ने भारी संख्या में भाग लिया और स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।
दून के विधायक चौधरी रामकुमार ने शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कैंप स्थल पर पहुँचने पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और जुपिटर कंपनी के अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कंपनी के मुख्य प्रतिनिधि मुनीश कुमार और इवेंट ऑर्गनाइजर गौरव कोहली ने बताया कि यह शिविर कंपनी की ‘कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी’ (CSR) गतिविधियों के तहत आयोजित किया गया। इसमें पार्क हॉस्पिटल, पंचकुला के अनुभवी विशेषज्ञों की टीम ने रोगियों के स्वास्थ्य की गहन जांच की तथा उन्हें आवश्यक परामर्श व मेडिकल किट वितरित की। उन्होंने कहा कि इस कैंप का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके घर-द्वार पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
गंभीर रोगों की जांच और परामर्श
शिविर के दौरान लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। कैंप में बीपी, शुगर, ईसीजी (ECG), ऑन्कोलॉजी (कैंसर रोग), एक्स-रे और आंखों के निःशुल्क टेस्ट किए गए। विशेषज्ञों ने गंभीर लक्षणों वाले मरीजों को उचित उपचार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
विधायक चौधरी रामकुमार ने कैंप की गतिविधियों का निरीक्षण करने के बाद जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य लक्ष्य पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना है।” उन्होंने जानकारी दी कि इससे पूर्व पट्टा में वर्धमान कंपनी के सहयोग से भी ऐसा ही शिविर लगाया गया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि समय पर जागरूकता और जांच से किसी भी बीमारी पर काबू पाया जा सकता है।
विधायक ने बताया कि दून विधानसभा क्षेत्र में CSR गतिविधियों के माध्यम से अब तक लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से भवनों का निर्माण व अन्य विकास कार्य किए जा चुके हैं। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए जुपिटर कंपनी, पार्क हॉस्पिटल और स्थानीय पंचायत का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बीएमओ (BMO) चंडी गुरमेल सिंह, पूर्व पंचायत प्रधान कैलाश कुमार, उप-प्रधान पुष्पेंद्र कुमार, भूषण शर्मा, दया शर्मा, दिनेश कुमार सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण उपस्थित रहे।
















