Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Himachal Politics: पालमपुर में पूर्व सीएम शांता का भावुक संदेश, “मैं जीत का आशीर्वाद लेकर भगवान के पास जाना चाहता हूँ” जीत की मांगी दुआ

Shanta Kumar Emotional Appeal: पालमपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने प्रेस वार्ता में पार्टी की एकजुटता और विकास के अधूरे सपनों पर अपनी बात रखते हुए जनता से भावुक अपील की है।
Published on: 11 May 2026
Himachal Politics: पालमपुर में पूर्व सीएम शांता का भावुक संदेश, "मैं जीत का आशीर्वाद लेकर भगवान के पास जाना चाहता हूँ" जीत की मांगी दुआ

Himachal Politics: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता शांता कुमार ने सोमवार को पालमपुर में नगर निगम चुनाव के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी के शुरुआती दिनों से लेकर वर्तमान ‘स्वर्ण युग’ तक के अपने सफर को याद किया। उन्होंने कहा कि वे भारतीय जनसंघ के उस दौर के साक्षी रहे हैं जब कानपुर में पहली कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई थी। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनते देखा है।

शांता कुमार ने बंगाल चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि आज पूरे भारत में भाजपा के प्रति एक विशेष स्थान और लहर दिखाई दे रही है। उन्होंने वर्तमान समय को भारत और भारतीय जनता पार्टी, दोनों के लिए ‘स्वर्ण युग’ करार दिया। उनके अनुसार, देश की लगभग 75 प्रतिशत जनता भाजपा के शासन और विचारधारा से जुड़ी हुई है। इसी परिप्रेक्ष्य में उन्होंने पालमपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता की सराहना की और जीत का अटूट विश्वास प्रकट किया।

पत्रकार वार्ता के दौरान शांता कुमार विशेष रूप से भावुक नजर आए। उन्होंने पालमपुर के विकास को लेकर अपने पुराने सपनों का जिक्र किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पालमपुर को विश्व मानचित्र पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभारना उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना है। उन्होंने विशेष रूप से रोपवे परियोजना का नाम लिया। शांता कुमार ने बताया कि जब उनकी सरकार थी, तब इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने का भरपूर प्रयास किया गया था, लेकिन सरकार गिरने के कारण यह सपना अधूरा रह गया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस दिन पालमपुर में रोपवे का निर्माण पूरा हो जाएगा, उस दिन यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय पर्यटन जगत में अपनी नई पहचान बनाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पालमपुर में विकास की अपार संभावनाएं हैं और नया नेतृत्व भाजपा की शक्ति के साथ मिलकर इन सपनों को साकार करेगा। शांता कुमार ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि वे एकजुट होकर मैदान में उतरें ताकि नगर निगम के माध्यम से पालमपुर के विकास की नई इबारत लिखी जा सके।

अपने संबोधन के अंतिम चरण में पूर्व मुख्यमंत्री ने बेहद भावुक होते हुए व्यक्तिगत टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वे अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में हैं और संभवतः आगामी चुनाव उनके जीवन का अंतिम चुनाव होगा। उन्होंने कहा, “मैं जीत का आशीर्वाद लेकर भगवान के पास जाना चाहता हूँ।” उनकी इस भावुक अपील ने न केवल कार्यकर्ताओं बल्कि आम जनता के बीच भी एक गहरी संवेदाना पैदा की है।

उन्होंने पालमपुर की जनता से निवेदन किया कि जिस तरह पूरा देश भाजपा के साथ खड़ा है, उसी तरह पालमपुर भी पार्टी को मजबूत करे। शांता कुमार ने भरोसा दिलाया कि भाजपा को मिल रही नई शक्ति से क्षेत्र का विकास नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने दोहराया कि भाजपा केवल सत्ता के लिए नहीं बल्कि जनता की सेवा और विकास के लिए समर्पित है। पालमपुर में भाजपा की एकजुटता को ही उन्होंने जीत का सबसे बड़ा आधार बताया।

Himachal NewsHimachal News in HindiHimachal politicsHimachal Politics NewsShanta Kumar

Join WhatsApp

Join Now