Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills HP Corporation ad

Himachal News: शिमला विंटर टूरिज्म एक्सपो में छाए हिमाचल के होमस्टे, पारिवारिक होमस्टे को पर्यटन बाजार से जोड़ने की पहल

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में आयोजित तीन दिवसीय विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन एवं टूरिज्म एक्सपो का समापन हो गया, जिसमें चंबा, कुल्लू और शिमला के पारिवारिक होमस्टे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
Himachal News: शिमला विंटर टूरिज्म एक्सपो में छाए हिमाचल के होमस्टे, पारिवारिक होमस्टे को पर्यटन बाजार से जोड़ने की पहल

Himachal News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर हॉल, द रिज में ट्रैवल एंड टूरिज्म बाजार कोलकाता द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन एवं टूरिज्म एक्सपो का आज रविवार को समापन हो गया। 20 से 22 नवंबर तक आयोजित इस पर्यटन प्रदर्शनी का शुभारंभ शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया था। इस आयोजन में हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटन से जुड़े प्रतिनिधियों, होमस्टे संचालकों और पर्यटन व्यवसायियों ने भाग लिया।

इस तीन दिवसीय आयोजन में हिमाचल के स्थानीय और पारिवारिक होमस्टे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। खासतौर पर चंबा, कुल्लू और शिमला जिले के होमस्टे संचालकों ने अपने स्टॉल के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पहाड़ी जीवनशैली की झलक प्रस्तुत की। इन स्टॉलों को देखने के लिए पर्यटकों के साथ-साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ट्रैवल एजेंटों ने भी विशेष रुचि दिखाई। इससे स्थानीय होमस्टे संचालकों को अपने व्यवसाय के प्रचार-प्रसार और पर्यटन से जुड़े लोगों के साथ सीधे संपर्क स्थापित करने का अवसर मिला।

हिमाचली होमस्टे एसोसिएशन ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
इस आयोजन में हिमाचली होमस्टे एसोसिएशन की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। एसोसिएशन की अध्यक्षा तनुजा धांटा ने पूरे कार्यक्रम की कमान संभालते हुए हिमाचल के पारिवारिक होमस्टे को एक साझा मंच पर लाने और उन्हें पर्यटन बाजार से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए। उनके नेतृत्व में चंबा, कुल्लू और शिमला के होमस्टे संचालकों को अपनी पहचान और सेवाओं को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

एसोसिएशन की अध्यक्षा तनुजा धानटा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य होमस्टे को केवल पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था तक सीमित न रखकर उन्हें स्थानीय संस्कृति, परंपराओं, खान-पान और सामुदायिक जीवन से जोड़ना है। इस पहल के माध्यम से उन छोटे परिवारों को भी पर्यटन उद्योग के बड़े मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया गया, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने घरों में पर्यटकों को पारंपरिक पहाड़ी आतिथ्य का अनुभव प्रदान कर रहे हैं।

महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता को मिला प्रोत्साहन
इन्होंने बताया कि इस आयोजन की एक महत्वपूर्ण विशेषता होमस्टे क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना भी रहा है। हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाएं पारिवारिक होमस्टे के संचालन, मेहमानों की देखभाल, पारंपरिक भोजन तैयार करने और स्थानीय संस्कृति को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से ऐसी महिलाओं को अपने कार्य और स्थानीय उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

इस कार्यक्रम के समापन समारोह अवसर पर जिला शिमला से बाल विकास विभाग की महिला अधिकारी ममता पॉल शर्मा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम में महिला सहभागिता और स्थानीय स्तर पर महिलाओं की भूमिका को विशेष महत्व प्रदान किया।

सतत पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण पर भी हुआ मंथन
प्रदर्शनी के दौरान पर्यटन क्षेत्र में सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि पर्यटन विकास का उद्देश्य केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना नहीं होना चाहिए, बल्कि स्थानीय संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में आयोजित पैनल चर्चा में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने स्थानीय समुदायों की भागीदारी, पारिवारिक पर्यटन व्यवसाय और हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन के साथ जोड़ने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। इसके अलावा गोवा, मेघालय, बिहार और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के स्टॉल भी प्रदर्शनी का हिस्सा रहे। गोवा राज्य का स्टॉल भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

पर्यटन के बदलते दौर में होमस्टे की बढ़ती अहमियत
हिमाचली होमस्टे एसोसिएशन की इस पहल ने यह संदेश दिया कि हिमाचल का पर्यटन केवल होटल, रिसॉर्ट और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं है। प्रदेश के छोटे-छोटे गांवों में संचालित पारिवारिक होमस्टे भी पर्यटन की एक महत्वपूर्ण पहचान बन सकते हैं। इनके माध्यम से पर्यटक स्थानीय परिवारों के साथ रहकर पहाड़ी संस्कृति, पारंपरिक व्यंजनों, रीति-रिवाजों और वास्तविक ग्रामीण जीवन का अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। एसोसिएशन का मानना है कि डिजिटल तकनीक और आधुनिक प्रचार माध्यमों का उपयोग करके स्थानीय होमस्टे को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जोड़ा जा सकता है, लेकिन इसके साथ होमस्टे की मूल भावना और पारिवारिक आतिथ्य को बनाए रखना भी जरूरी है।

तीन दिवसीय इस आयोजन ने चंबा, कुल्लू और शिमला के स्थानीय होमस्टे संचालकों को एक साझा मंच प्रदान करने के साथ-साथ हिमाचल में सामुदायिक पर्यटन, महिला सशक्तीकरण और सतत पर्यटन की संभावनाओं को भी सामने रखा। हिमाचली होमस्टे एसोसिएशन की यह पहल ग्रामीण परिवारों को पर्यटन अर्थव्यवस्था से जोड़ने और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।

इस दौरान हिमाचली होमस्टे एसोसिएशन की टीम में जिला कुल्लू से रितम ठाकुर, परस राम भारती और सतीश ठाकुर, जिला चम्बा से विनायक धामी और उनके सहयोगी, जिला शिमला से दविंद्र चौहान, पीयूष शर्मा, सरोज वर्मा, मोहन भार्गव, सुरेश शर्मा, विशन दास शर्मा, अशेष शर्मा, रजत चौहान, नवीन शर्मा, राधिका शर्मा और पुनीत चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Himachal TourismHomestay in HimachalRural TourismShimla NewsShimla Winter Tourism Expo

Join WhatsApp

Join Now