Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Natural Cooling Cream: गर्मियों में चेहरे की जलन होगी गायब, घर पर ऐसे बनाएं चमत्कारी कोल्ड क्रीम

Homemade Cooling Cream For Summer: ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज़ हुसैन ने चिलचिलाती गर्मी, पसीने और धूल-मिट्टी से बेजान हुई त्वचा को राहत देने के लिए घर पर ही प्राकृतिक और प्रभावी कूलिंग क्रीम बनाने के बेहद आसान तरीके साझा किए हैं।
By PNT
Published on: 19 May 2026
Natural Cooling Cream: गर्मियों में चेहरे की जलन होगी गायब, घर पर ऐसे बनाएं चमत्कारी क्रीम

Natural Cooling Cream: गर्मियों के मौसम में सेहत के साथ-साथ त्वचा की देखभाल भी काफी जरूरी होती है। चिलचिलाती गर्मी, पसीना और धूल-मिट्टी से त्वचा नीरस और बेजान हो जाती है और कुछ लोगों को जलन भी महसूस होने लगती है।

ऐसे में लोग महंगे सैलूनों और नामी कंपनियों के उत्पादों पर ज्यादा भरोसा करते हैं, जो कि जेब पर भारी पड़ते हैं और कई बार कोई ज्यादा फायदा भी नहीं मिलता, जिससे उल्टा निराशा ही हाथ लगती है। आप चाहें तो घर में रखी प्राकृतिक चीजों से ही काफी सस्ती और असरदार क्रीम तैयार कर सकते हैं। यह चेहरे की त्वचा को कूल करेगी और आपको ताजगी का अहसास भी दिलाएगी।

नेचुरल कूलिंग क्रीम तैयार करने के लिए कांच की कटोरी में एक चम्मच एलोवेरा जेल, एक चम्मच गुलाब जल और एक चम्मच खीरे के रस को एक चम्मच की मदद से तब तक अच्छे से मिक्स करें जब तक कि यह एक हल्की और मुलायम क्रीम जैसी न दिखने लगे।

जैसे ही इसका टेक्सचर क्रीमी हो जाए, समझ लीजिए आपकी होममेड कूलिंग क्रीम तैयार है। इस क्रीम को फ्रिज में रख लें। इस क्रीम को आप सीधे चेहरे और त्वचा के खुले हिस्से पर लगा सकते हैं और लगाने के कुछ देर बाद ताजे ठंडे पानी से धो डालिए। गर्मियों के मौसम में यह बेहतरीन क्रीम है।

इस क्रीम को आप रात और दिन दोनों समय लगा सकती हैं। रात या दिन में लगाने से पहले चेहरे को साफ़ पानी से जरूर धो लें ताकि चेहरे पर जमा धूल, मिट्टी और प्रदूषण को हटाया जा सके, अन्यथा यह क्रीम ज्यादा प्रभावी नहीं होगी।

चेहरे को साफ करने के बाद इस क्रीम को हल्के हाथों से आहिस्ता-आहिस्ता लगाएं और इसे कुछ समय के लिए छोड़ दें और जब आप महसूस करें तब आप चेहरा धो सकते हैं। इस क्रीम को आप सुबह और रात में दो बार इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके नियमित उपयोग से चेहरे को ठंडक मिलेगी और चेहरे पर ताजगी का अहसास होगा।

इस क्रीम को दो-तीन दिन के अंदर ही उपयोग कर लें क्योंकि इसमें किसी प्रिजर्वेटिव का इस्तेमाल नहीं होता है।

कांच की कटोरी में 2 चम्मच एलोवेरा जेल, एक चम्मच कैस्टर ऑयल और 2 विटामिन ई कैप्सूल मिला लें। इन तीनों चीजों को अच्छे से मिला लें जब तक सफेद रंग की क्रीमी रंगत की क्रीम न बन जाए। रात को सोते समय इस क्रीम को चेहरे पर आहिस्ता-आहिस्ता से इस तरह लगाएं कि क्रीम चेहरे पर पूरी तरह से एब्जॉर्ब हो जाए। इसे आप रोजाना लगा सकते हैं और कुछ ही दिनों में अंतर नजर आना शुरू हो जाएगा।

कांच के कटोरे में 3 चम्मच एलोवेरा जेल लेकर इसमें एक चम्मच खीरे का रस मिलाने के बाद एक छोटा चम्मच बादाम तेल डालकर अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। इस मिश्रण में 2 बूंदें पुदीने का तेल डालें। कूलिंग इफेक्ट के लिए आप इसमें पुदीने का तेल डाल सकते हैं। इस मिश्रण से बनी क्रीम को फ्रिज में रख लें। इस क्रीम को नहाने के बाद या धूप से आने के बाद चेहरे और शरीर पर लगाएं।

कांच के कटोरे में 1 कप एलोवेरा जेल, 3/4 कप नारियल तेल, दो चम्मच शिया बटर, 1 चम्मच शहद और 10 बूंदें टी ट्री ऑयल मिलाकर इसे अच्छी तरह फेंट कर क्रीम बना लें। जब यह क्रीम स्मूथ हो जाए तो एक साफ़ जार में डालकर फ्रिज में रख दें। जब भी किसी अंग में जलन हो तो इस क्रीम का उपयोग कर सकते हैं।

नेचुरल क्रीम हल्की होती हैं और त्वचा इन्हें आसानी से सोख लेती है। यह क्रीम त्वचा को नमी प्रदान करती है क्योंकि इसमें एलोवेरा जेल, ग्लिसरीन, ऑयल्स, शिया बटर आदि विद्यमान होते हैं, जिससे गर्मी के कारण होने वाले रूखेपन से छुटकारा मिलता है और त्वचा कोमल और मुलायम रहती है।

सबसे बड़ी बात इनमें कोई केमिकल नहीं होते, जिसकी वजह से ये हर मौसम के लिए उपयोगी होती हैं। यह त्वचा के प्राकृतिक ऑयल्स को संतुलित करती है और त्वचा के हर प्रकार के लिए उपयोगी होती है। यह गर्मी के मौसम वाली चिपचिपाहट से छुटकारा दिलाती है।

नोट: लेखिका ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज़ हुसैन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ हैं और हर्बल क्वीन के रूप में लोकप्रिय हैं।

Glowing SkinHome RemediesNatural BeautyShahnaz HusainSkin CareSummer Beauty Tips

Join WhatsApp

Join Now