Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

Himachal Panchayat Election: चुनावी बहस में खूनी खेल, दोस्त के धक्के से चली गई यूवक की जान

Arki Murder Case: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पंचायत चुनाव की चर्चा के दौरान हुए झगडे में एक युवक की बालकनी से गिरकर मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को नामजद कर जांच शुरू कर दी है।
Himachal Panchayat Election: चुनावी बहस में खूनी खेल, दोस्त के धक्के से चली गई यूवक की जान

Himachal Panchayat Election: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की क्षेत्र से चुनावी रंजिश और आपसी विवाद का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां पंचायत चुनाव को लेकर शुरू हुई एक सामान्य सी चर्चा ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस खूनी झड़प में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस रिकॉर्ड और दर्ज करवाई गई आधिकारिक शिकायत के अनुसार, यह पूरी घटना 25 मई की है। मामले में जान गंवाने वाले मृतक युवक की पहचान अश्वनी पुत्र राम रत्न  निवासी गाँव डवारू दाड़लाघाट के रूप में हुई है। इस घटना के संबंध में पुलिस को चश्मदीद दीपक कुमार उर्फ शशि (पुत्र राम दत्त शर्मा, निवासी गांव कोटला पुजारिया) ने विस्तृत शिकायत सौंपकर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है।

दर्ज शिकायत के मुताबिक, 25 मई को शिकायतकर्ता दीपक कुमार और मृतक अश्वनी दोनों जालपा माता मंदिर स्यार पहुंचे थे। वहां पर इन दोनों की मुलाकात कुनाल (पुत्र पाली, निवासी स्यार) से हुई। इसके बाद ये तीनों व्यक्ति शराब लेकर गांव के पास स्थित एक नजदीकी जंगल में चले गए। तीनों दोस्त देर शाम तक जंगल में ही एक साथ बैठे रहे और इसी दौरान उनके बीच आगामी पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा छिड़ गई।

चुनावी बातचीत के दौरान ही विवाद की नींव पड़ी। बहस के बीच जब अश्वनी ने कुनाल के एक करीबी रिश्तेदार की चुनाव में हार होने की भविष्यवाणी कर दी, तो कुनाल बुरी तरह भड़क गया। इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में अपशब्दों और गाली-गलौज में बदल गई। उस समय मामला जैसे-जैसे शांत हुआ, तो तीनों वहां से निकलकर तपन (पुत्र मस्तराम, निवासी स्यार) के घर पहुंच गए।

तपन के घर पर शराब पीने के दौरान दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद एक बार फिर से हरा हो गया। दोनों युवक दोबारा एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज करने लगे। विवाद को लगातार बढ़ता देख वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया और कुनाल को शांत करने के उद्देश्य से एक कमरे के अंदर बंद करके बैठा दिया। लेकिन गुस्सा शांत होने के बजाय और ज्यादा बढ़ चुका था।

आरोप है कि देर रात को कुनाल अत्यधिक गुस्से में कमरे से बाहर निकलकर आया। उसने बिना कुछ सोचे-समझे बाहर खड़े अश्वनी को पूरी ताकत से एक जोरदार धक्का दे दिया। धक्का इतना जबरदस्त था कि अश्वनी सीधे बालकनी से असंतुलित होकर नीचे जमीन पर जा गिरा। बालकनी से नीचे गिरने के कारण अश्वनी को बेहद गंभीर और जानलेवा चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोग घायल अश्वनी को इलाज के लिए अर्की अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर वहां तैनात डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चश्मदीद की शिकायत के आधार पर आरोपी कुनाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें आगामी तफ्तीश में जुटी हैं।

Kullu Dussehra 2026 Celebration Kullu Dussehra 2026 Celebration
Arki MurderHimachal CrimeHimachal PradeshPanchayat ElectionSolan News

Join WhatsApp

Join Now