Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक मंच पर जुटा देशभर का कोली समाज, 12वां राष्ट्रीय महाअधिवेशन बना ऐतिहासिक

Delhi News: नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में अखिल भारतीय कोली समाज का 12वां राष्ट्रीय महाअधिवेशन संपन्न हुआ, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हिस्सा लिया।
Published on: 24 June 2026
All India Koli Samaj Mahaadhiveshan Delhi: दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक मंच पर जुटा देशभर का कोली समाज, 12वां राष्ट्रीय महाअधिवेशन बना ऐतिहासिक

परस राम भारती | नई दिल्ली,
नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में रविवार को आयोजित अखिल भारतीय कोली समाज (रजि.) का 12वां राष्ट्रीय महाअधिवेशन ऐतिहासिक और भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। देश के लगभग सभी राज्यों से हजारों की संख्या में पहुंचे समाजबंधुओं ने एक मंच पर एकत्र होकर कोली समाज की एकता, संगठन और सामाजिक शक्ति का अभूतपूर्व परिचय दिया।

स्टेडियम में सुबह से ही समाजबंधुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। स्थिति यह रही कि देखते ही देखते पूरा तालकटोरा इंडोर स्टेडियम हाउसफुल हो गया। हजारों लोग सीढ़ियों और रेलिंग पर बैठकर कार्यक्रम देखते रहे, जबकि बड़ी संख्या में समाजबंधुओं को स्टेडियम के बाहर खड़े होकर ही कार्यक्रम का हिस्सा बनना पड़ा। आयोजन का यह दृश्य कोली समाज की बढ़ती एकजुटता और जागरूकता का प्रतीक बन गया।

महाअधिवेशन की अध्यक्षता अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रहे। विशिष्ट अतिथियों में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों से कोली समाज के सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, वर्तमान विधायक तथा समाज के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब रहा, जब हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू इकाई के सांस्कृतिक दल ने पारंपरिक हिमाचली वेशभूषा और लोक वाद्य यंत्रों के साथ मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का भव्य स्वागत किया। कुल्लू की लोक संस्कृति की इस प्रस्तुति ने पूरे स्टेडियम में मौजूद हजारों लोगों का दिल जीत लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा।

हिमाचल प्रदेश से लगभग 300 से अधिक प्रतिनिधियों ने महाअधिवेशन में भाग लेकर प्रदेश की सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतिनिधियों ने समाज की शिक्षा, संगठन विस्तार, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की भागीदारी तथा राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने सुझाव रखे।

अपने संबोधन में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए समाजबंधुओं की सहभागिता ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को साकार किया है।

उन्होंने कहा कि कोली समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है तथा राष्ट्र निर्माण में उसका योगदान सदैव सराहनीय रहा है। उन्हें विश्वास है कि शिक्षा, संगठन, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों के साथ अखिल भारतीय कोली समाज आने वाले वर्षों में और अधिक संगठित, सशक्त तथा प्रभावशाली बनकर देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने महाअधिवेशन की सफलता पर सभी पदाधिकारियों और समाजबंधुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कोली समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार समाज के महापुरुषों और वीरांगनाओं के सम्मान के लिए निरंतर कार्य करेगी। उन्होंने वीरांगना झलकारी बाई के नाम से दिल्ली में एक सरकारी योजना शुरू करने की घोषणा करते हुए समाज के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य एवं सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से वे समारोह में शामिल नहीं हो सके।

महाअधिवेशन के दौरान समाज की शिक्षा, सामाजिक समानता, संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक अधिकारों तथा राजनीतिक भागीदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इन प्रस्तावों को केंद्र एवं विभिन्न राज्य सरकारों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का भी निर्णय लिया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि नई दिल्ली में सम्पन्न हुआ यह 12वां राष्ट्रीय महाअधिवेशन पूरे देश के कोली समाज को एक नई दिशा और नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि समाज के गौरव पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा दिए गए प्रेरणादायी विचार समाज के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगे। उन्होंने इस भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन की सफलता पर सभी राज्यों से आए प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता और संगठन में निहित है।

कार्यक्रम के अंत में पूरे देश से आए समाजबंधुओं ने एक स्वर में समाज को और अधिक संगठित करने, शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को आगे लाने तथा सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। महाअधिवेशन राष्ट्रगान और धन्यवाद प्रस्ताव के साथ सम्पन्न हुआ।

All India Koli Samajdelhi newsKoli Samaj National ConventionRam Nath KovindRekha GuptaTalkatora Stadium

Join WhatsApp

Join Now