Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से शुक्रवार को दो बेहद दुखद मामले सामने आए हैं। जहां दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की जान चली गई। पहली घटना में जहां एक पशु को बचाने के प्रयास में एक बाइक सवार युवक ने अपनी जान गंवा दी, वहीं दूसरी ओर पिछले तीन दिनों से लापता एक अन्य 24 वर्षीय युवक का खंडहर शेड से गला-सड़ा शव बरामद हुआ है।
इन दोनों मामलों की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है और शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पहली घटना जिले के दौलतपुर के समीप फोरलेन मार्ग पर सुबह के समय घटित हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजियाणा बांध निवासी अभिषेक कुमार रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने दफ्तर के लिए निकला था।

अभिषेक कांगड़ा स्थित आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत था। जैसे ही उसकी बाइक दौलतपुर के पास फोरलेन पर पहुंची, अचानक सामने आए एक पशु को बचाने के चक्कर में उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। मोटरसाइकिल की रफ्तार के कारण वह सड़क पर गिर गया, जिससे अभिषेक को बेहद गंभीर चोटें आईं।
सड़क मार्ग पर हुए इस हादसे को देखकर मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने बिना समय गंवाए घायल अभिषेक को तुरंत संभाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर वहां तैनात डॉक्टरों ने अभिषेक की स्वास्थ्य स्थिति की गहन जांच की, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
3 दिनों से था लापता..,अब शेड में मिली गली-सड़ी लाश,
वहीं दूसरा मामला पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत आने वाली पंचायत पनालथ के देहरी क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक सुनसान पड़े खंडहर शेड के भीतर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव की पहचान साहिल कुमार (उम्र 24 वर्ष), पुत्र मलकीयत सिंह, निवासी जरोट के रूप में की गई है। प्राप्त विवरण के अनुसार, साहिल बीते 7 जुलाई से अचानक अपने घर से लापता हो गया था।
परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की थी, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया था।जब काफी प्रयासों के बाद भी साहिल का कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने 8 जुलाई को जवाली पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत मिलने के बाद से ही स्थानीय पुलिस और साहिल के परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच शुक्रवार को देहरी स्थित एक खंडहर शेड में युवक का गला-सड़ा शव मिला। शव की स्थिति को देखकर इलाके में सनसनी फैल गई।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक ज्वाली, वीरी सिंह तुरंत अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को मृतक साहिल के शव के ठीक पास से उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


















