Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

MLA Fund Controversy: विधायक निधि में गोलमाल! विजिलेंस के रडार पर पूर्व MLA होशियार सिंह, समर्थन में उतरे बीजेपी विधायक सुधीर व जमवाल

विधायक ऐच्छिक निधि के कथित दुरुपयोग मामले में विजिलेंस ने 7 लाभार्थियों के बयान दर्ज किए। पूर्व विधायक होशियार सिंह ने आरोपों को पारिवारिक और राजनीतिक साजिश करार दिया, जबकि समर्थन में उतरे बीजेपी विधायक
MLA Fund Controversy: विधायक निधि में गोलमाल! विजिलेंस के रडार पर पूर्व MLA होशियार सिंह, समर्थन में उतरे बीजेपी विधायक सुधीर व जमवाल

MLA Fund Controversy: देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह से जुड़े विधायक ऐच्छिक निधि के कथित दुरुपयोग मामले में विजिलेंस ने अपनी जांच तेज कर दी है। विजिलेंस थाना धर्मशाला में दर्ज प्राथमिकी के तहत कुल 16 लाभार्थियों में से अब तक 7 लाभार्थियों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। ये सभी लाभार्थी देहरा विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं और पूर्व विधायक की कंपनी में कार्यरत बताए जा रहे हैं।

जांच एजेंसी शेष लाभार्थियों के बयान दर्ज करने और संबंधित दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पूर्व विधायक होशियार सिंह को पूछताछ के लिए तलब किया जाएगा। दूसरी ओर, फिलहाल विदेश में मौजूद पूर्व विधायक होशियार सिंह ने एक वीडियो जारी कर सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और साजिश करार दिया है।

उन्होंने कहा कि उनके परिवार के भीतर चल रहे कारोबारी विवाद को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। होशियार सिंह के अनुसार, उनके भाई और भतीजे ने कर्मचारियों को डरा-धमकाकर विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि आरोप सही थे तो तीन साल बाद शिकायत क्यों दर्ज कराई गई। उन्होंने कहा कि वह विदेश से लौटने के बाद सभी 16 लाभार्थियों के साथ स्वयं एसपी कार्यालय जाने को तैयार हैं।

इसे भी पढ़ें:  हिमाचल प्रदेश मंत्रिमण्डल के निर्णय : जेओए आईटी का परिणाम होगा घोषित, अंशकालिक बनेंगे दैनिक वेतन भोगी

होशियार सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उनके एक भाई ने कारोबार में 15 करोड़ रुपये का गबन किया है, जिसका मामला अदालत में विचाराधीन है और इसी विवाद के चलते उनके खिलाफ यह साजिश रची गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐच्छिक निधि से पैसा वापस लिए जाने के आरोप गलत हैं और उन्होंने अपने कार्यकाल में हजारों लोगों को सहायता दिलाई है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पर लगे पुराने मामलों का हवाला देते हुए सवाल किया कि विजिलेंस ने उन मामलों में जांच क्यों नहीं की।

इसे भी पढ़ें:  Panchayat elections Himachal: "चुनाव नहीं, आपदा प्रबंधन पहले", सीएम सुक्खू ने चुनाव आयोग को दिया स्पष्ट जवाब, कानूनी राय का दिया इशारा..!

समर्थन में उतरे बीजेपी विधायक
इस पूरे घटनाक्रम पर भारतीय जनता पार्टी पूर्व विधायक के बचाव में उतर आई है और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है और विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी और हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा सहित कई कार्यकर्ताओं पर विभिन्न मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है।

वहीं भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने भी विजिलेंस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे पूर्वाग्रह से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि विधायक ऐच्छिक निधि का उद्देश्य जनहित के कार्य करना होता है और सभी विधायक इसी प्रक्रिया के तहत राशि जारी करते हैं। सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक द्वारा बांटी गई राशि को लेकर पैदा हुए विवाद से सरकार बौखला गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि होशियार सिंह द्वारा मुख्यमंत्री की पत्नी एवं देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत से ध्यान भटकाने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  Himachal: संजय अवस्थी बोले - राज्य में वित्तीय आवंटन को लेकर भाजपा के बयान निराधार और गैरजिम्मेदाराना..!

क्या है मामला
उल्लेखनीय है कि विजिलेंस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वर्ष 2023-24 के दौरान विधायक ऐच्छिक निधि से लाभार्थियों के बैंक खातों में सहायता राशि जमा की गई थी। आरोप है कि कर्मचारियों के खातों में वर्ष 2023 में छह लाख रुपये और वर्ष 2024 में सात लाख रुपये जमा करवाए गए, जिसे बाद में पूर्व विधायक के कहने पर वापस ले लिया गया। इस मामले की शुरुआत पति-पत्नी (दो कर्मचारियों) की शिकायत से हुई थी, जिसके बाद जांच आगे बढ़ने पर 14 अन्य नाम सामने आए। हालांकि, मामले की जांच कर रहे अधिकारी इस पर आधिकारिक टिप्पणी करने से बच रहे हैं।

BJP vs Congress HPDehra MLA CaseHimachal Pradesh NewsHoshiyar Singh VigilanceSukhvinder Singh Sukhu

Join WhatsApp

Join Now