Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Himachal Relief Package: बोह आपदा के दर्द के बीच बोह घाटी के लिए सरकार की नई घोषणाओं से जगी पुनर्वास और विकास की उम्मीद.!

Himachal Disaster Relief Package 2026: शाहपुर के धारकंडी स्थित बोह घाटी में आई भीषण आपदा के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रभावितों से मुलाकात की। सीएम ने आर्थिक मदद, स्वास्थ्य सुविधाओं और कृषि सहायता का ऐलान किया।
Published on: 2 August 2026
Himachal Relief Package: बोह आपदा के दर्द के बीच बोह घाटी के लिए सरकार की नई घोषणाओं से जगी पुनर्वास और विकास की उम्मीद

Himachal Relief Package: प्राकृतिक आपदाएं केवल घर और संपत्ति ही नहीं उजाड़तीं, बल्कि वर्षों की मेहनत से संजोए सपनों और उम्मीदों को भी पलभर में बिखेर देती हैं। ऐसे कठिन समय में यदि सरकार केवल राहत का भरोसा ही नहीं, बल्कि संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनके पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा का संकल्प भी ले, तो टूटे हुए मनों में फिर से विश्वास जाग उठता है।

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की धारकण्डी स्थित बोह घाटी में आई भीषण आपदा के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का दौरा इसी संवेदनशील नेतृत्व का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी पीड़ा को निकट से समझा और राहत, पुनर्वास तथा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जिन परिवारों के घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, उन्हें मकान निर्माण के लिए 7.50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता तथा कपड़े, बर्तन एवं अन्य आवश्यक घरेलू सामान की खरीद के लिए अतिरिक्त 1 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे। यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि उजड़े परिवारों के जीवन को फिर से संवारने का भरोसा भी है।

उन्होंने आपदा से प्रभावित किसानों और बागवानों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना। जिनकी कृषि एवं बागवानी योग्य भूमि को नुकसान पहुंचा है, उन्हें राहत प्रदान की जाएगी। वहीं जिन परिवारों के घरों में पानी घुसने से नुकसान हुआ है, उन्हें भी राहत के दायरे में शामिल करने की घोषणा की गई, जिससे बड़ी संख्या में प्रभावित लोगों को राहत मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।

धारकण्डी क्षेत्र की बोह घाटी प्रदेश में ट्राउट उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रही है। आपदा में जिन मत्स्य पालकों के ट्राउट फार्म क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए भी विशेष राहत पैकेज की घोषणा की गई, ताकि वे शीघ्र अपने व्यवसाय को दोबारा शुरू कर सकें। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार और मत्स्य उद्योग को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्र में पशुपालन आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आपदा में जिन परिवारों की गाय या भैंस की मृत्यु हुई है, उन्हें प्रति पशु 55 हजार रुपये तथा जिनकी बकरियां मरी हैं, उन्हें प्रति बकरी 15 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री का मानवीय व्यवहार पूरे दौरे की सबसे बड़ी विशेषता रहा। उन्होंने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं, बुजुर्गों का हालचाल जाना, महिलाओं को ढांढस बंधाया और एक नन्ही बच्ची को गोद में लेकर उसका हाल पूछा। ये भावुक पल वहां मौजूद लोगों के लिए केवल औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि आत्मीयता और संवेदनशीलता का अनुभव थे। इससे प्रभावित परिवारों में यह विश्वास और मजबूत हुआ कि प्रदेश सरकार उनके दुख की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

राहत और पुनर्वास के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की। दरीणी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को स्तरोन्नत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का दर्जा देने की घोषणा से धारकण्डी क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। यह क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख मांग भी रही है।

बोह घाटी का यह दौरा केवल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संवेदनशील नेतृत्व, मानवीय दृष्टिकोण और विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश भी बनकर उभरा। राहत, पुनर्वास और विकास से जुड़ी घोषणाओं ने आपदा प्रभावित परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है और यह विश्वास मजबूत किया है कि विपरीत परिस्थितियों में भी सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

Boh Valley NewsHimachal Disaster ReliefHimachal Relief PackageKangra NewsSukhvinder Singh Sukhu

Join WhatsApp

Join Now