Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Chamba Bus Accident: चंबा के चुराह में निजी बस दुर्घटनाग्रस्त होने से 7 यात्रियों की मौत, 11 घायल

Bairagarh Chamba Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के उपमंडल चुराह में एक भीषण सड़क दुर्घटना में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का इलाज तीसा के अस्पताल में जारी है।
By PNT
Published on: 8 August 2026
Chamba Bus Accident: चंबा के चुराह में निजी बस दुर्घटनाग्रस्त होने से 7 यात्रियों की मौत, 11 घायल

Chamba Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा से एक बेहद दु:खद खबर सामने आई है। उपमंडल चुराह के तहत बैरागढ़-चंबा मार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जिसमें 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में बस का चालक और कंडक्टर भी शामिल हैं। यह दुर्घटना देवीकोठी के पास स्थित चालुज मोड़ पर हुई, जब शर्मा ट्रैवलर्स की एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गुजर रही दूसरी सड़क पर जा गिरी।

प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा शहर के लिए रवाना हुई थी। यात्रा शुरू होने के बाद बस अभी महज तीन किलोमीटर का सफर ही तय कर पाई थी कि चालुज मोड़ के समीप अचानक चालक वाहन पर से अपना संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते बस गहरी ढलान की ओर लुढ़कते हुए निचली सड़क पर जा गिरी।

हादसे के समय बस में लगभग 15 से 16 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। जैसे ही जोरदार धमाके और चीख-पुकार की आवाज गूंजी, आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत दुर्घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त बस के मलबे से घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा भिजवाया।

इस भीषण हादसे में सात लोगों की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और दुर्घटनाग्रस्त बस को सीधा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राहत कर्मियों को आशंका है कि कुछ और यात्री भी बस के मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीमों को राहत कार्य के लिए तुरंत रवाना कर दिया गया था। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल तीसा में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है।

हादसे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच करेगी। जांच के बाद ही हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। हादसे में मृतकों कि संख्या बढ़ भी सकती है।

हादसे में मृतकों की सूची
1 जगदेव पुत्र धर्म सिंह, गांव बाहला देवीकोठी।
2 हरदेई पत्नी जगदेव, गांव बाहला देवीकोठी।
3 देसराज पुत्र त्रिलोचन, गांव बाहला देवीकोठी।
4 चालक-रूप सिंह पुत्र राधाराम, गांव चिल्ली थल्ली।
5 कंडक्टर- तेज सिंह पुत्र प्यारे लाल, गांव सत्यास तरेला।
6 निलमा पत्नी मोतीराम, निवासी चिल्ली देवीकोठी।
7 जगदेई पत्नी हरिलाल गांव, बाहला देवीकोठी।

Chamba Bus AccidentChamba NewsChurah Road AccidentHimachal Pradesh NewsHimachal Road Safety

Join WhatsApp

Join Now