Kasauli News: कसौली उपमंडल के अंतर्गत ब्लॉक समिति धर्मपुर की सदस्य रेणु बाला ने शुक्रवार को कसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत जंगेशु के विभिन्न विकास कार्यों एवं स्थानीय समस्याओं से संबंधित एक औपचारिक मांग पत्र विधायक को सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में रेणु बाला ने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने की जोरदार वकालत की।
माग पत्र के माध्यम से रेणु बाला ने ग्राम पंचायत जंगेशु में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की प्राथमिक मांग उठाई। इसके साथ ही प्रशासनिक कार्यों को गति देने के लिए विद्युत बोर्ड उपमंडल कसौली तथा जल शक्ति मंडल धर्मपुर में कनिष्ठ अभियंता के लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने का आग्रह किया। उन्होंने तीडो पटवार सर्कल के डीनोटिफिकेशन के फैसले को वापस लेते हुए इसे पुनः रिनोटिफाई करने की भी मांग रखी, ताकि स्थानीय लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए रेणु बाला ने विधायक का ध्यान जंगेशु पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांवों की बुनियादी जरूरतों की ओर आकर्षित किया। उन्होंने शिलोरा खुर्द और शिलोरा कलां गांवों में भूमि बंदोबस्त की प्रक्रिया शुरू करवाने की मांग की। इसके अतिरिक्त, जंगेशु गांव में सिंचाई कुहल और मोक्षधाम के निर्माण तथा शीलू कलां गांव में सिंचाई कुहल की सुविधा प्रदान करने की बात कही। साथ ही, नेरी शीलू खुर्द, धारडी और हरी का खिल गांवों में सुचारू पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी विशेष अनुरोध किया।
विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने ब्लॉक समिति सदस्य द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र को ध्यानपूर्वक प्राप्त किया और उठाए गए सभी मुद्दों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिलाया। विधायक ने आश्वस्त किया कि मांग पत्र में दर्ज समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों को तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे और जनहित से जुड़े सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा।


















