Himachal DA Hike News: हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को आगामी स्वतंत्रता दिवस पर राज्य सरकार से बड़ी उम्मीदें हैं। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ (HGTU) ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वह स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रदेश के लाखों कर्मचारियों के लिए लंबित महंगाई भत्ते (डीए) और बकाया एरियर का भुगतान करने की औपचारिक घोषणा करें।
हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरोत्तम वर्मा ने इस संबंध में बयान जारी करते हुए कहा कि राज्य के कर्मचारी सरकार से अपने हक की वित्तीय राहत का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर वर्ग का कर्मचारी किसी न किसी रूप में वित्तीय दायित्वों और कर्ज के बोझ तले दबा होता है। ऐसे में महंगाई भत्ता और समय पर वित्तीय लाभ मिलने से ही उनके वेतन में सुधार की उम्मीद बनी रहती है।

नरोत्तम वर्मा ने मुख्यमंत्री के पूर्व फैसलों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने अपनी मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया था। इस ऐतिहासिक फैसले के लिए राज्य का पूरा कर्मचारी वर्ग मुख्यमंत्री का हमेशा आभारी रहेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जिस संवेदनशीलता के साथ पुरानी पेंशन योजना को लागू किया गया था, उसी तरह सरकार कर्मचारियों की वित्तीय समस्याओं को समझते हुए इस बार डीए और एरियर पर सकारात्मक फैसला लेगी।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को राज्य सरकार की मौजूदा वित्तीय स्थिति की पूरी जानकारी है। मुख्यमंत्री के आग्रह पर सभी कर्मचारियों ने धैर्य और संयम बनाए रखा तथा लगातार इंतजार किया है। कर्मचारियों ने वित्तीय बाधाओं के बावजूद सरकार के साथ सहयोग की नीति अपनाई है और अपनी मांगों को लेकर शांतपूर्ण रवैया रखा है।
नरोत्तम वर्मा ने कहा कि अब जबकि स्वतंत्रता दिवस का मौका सामने है, तो कर्मचारियों को पूरी आस है कि मुख्यमंत्री इस मंच से उनकी जायज मांगों को पूरा करेंगे। संघ ने उम्मीद जताई है कि 15 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ते और बकाया एरियर के भुगतान की घोषणा से प्रदेश के हजारों अध्यापकों और लाखों कर्मचारियों को राहत मिलेगी।


















