Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Solan News: शराब के नशे में 3 बार पेट में गोदा चाकू, बद्दी में सनकी पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, 4 मासूम अनाथ

Baddi Crime News: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी के दिन शराब के नशे में एक सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी के पेट में चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
By PNT
Published on: 17 August 2026
Chamba Murder Case: Hamirpur Murder, Solan News

Solan News: हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के अंतर्गत आते जुड्डी कलां से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अत्यधिक शराब के नशे में अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान 33 वर्षीय सुनेहरी देवी, पत्नी दाता राम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार यह दंपती मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला बरेली स्थित डकपुरा गांव का रहने वाला था और बद्दी के जुड्डी कलां में किराए का मकान लेकर अपने चार बच्चों के साथ रहता था। इस खूनी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बद्दी के उद्योगों में अवकाश था, जिसके कारण आरोपी दाता राम घर पर ही मौजूद था। आरोप है कि शनिवार शाम करीब 9:30 बजे वह अत्यधिक शराब पीकर घर वापस लौटा और अपनी पत्नी सुनेहरी देवी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी करने लगा। दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने आपा खो दिया।

मृतका के मासूम बच्चों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके पिता ने पहले उनकी मां के साथ तीखी बहस की और फिर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी हाथापाई के बीच दाता राम ने गुस्से में आकर चाकू से पत्नी के पेट पर ताबड़तोड़ तीन वार कर दिए। पेट में गंभीर चोट लगने के कारण महिला अत्यधिक लहूलुहान होकर फर्श पर गिर पड़ी और बेहोश हो गई।

अपनी मां को खून से लथपथ देखकर घर में मौजूद चारों छोटे बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। बच्चों का रोना और शोर सुनना सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने अत्यधिक गंभीर हालत में घायल महिला को उपचार के लिए तुरंत बद्दी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, हमले के कारण बहुत अधिक मात्रा में खून बह जाने की वजह से महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

बद्दी अस्पताल पहुंचने पर वहां तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद सुनेहरी देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और मामले की तफ्तीश शुरू की।

इस घटना के संबंध में एएसपी अशोक वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। सोमवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम बिलासपुर स्थित एम्स में करवाया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। एएसपी ने बताया कि फरार आरोपी दाता राम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं जो आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

इधर, जुड्डी कलां में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद प्रवासी कामगार दंपती के चार मासूम बच्चे पूरी तरह से अनाथ हो चुके हैं। फिलहाल इन बच्चों की देखभाल मृतका सुनेहरी देवी की बहन कर रही है, जिसका कमरा भी उसी मकान में सुनेहरी देवी के कमरे के साथ था।

मृतका की बहन ने रोते हुए बताया कि उसका जीजा दाता राम अक्सर शराब पीने का आदी था और आए दिन अपनी पत्नी से झगड़ा और मारपीट करता रहता था। बीते दिन भी वह नशे में धुत होकर आया और मामूली बात पर अपनी पत्नी से उलझ गया। नशे की हालत में उसने कटार निकालकर अपनी बहन पर कई जानलेवा वार कर दिए।

मृतका की बहन ने यह भी आरोप लगाया कि यदि उसकी बहन को समय पर चिकित्सा उपचार मिल जाता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। उसने बताया कि वारदात के बाद अत्यधिक खून बहने और डर का माहौल होने के कारण शुरुआत में कोई भी महिला को हाथ नहीं लगा रहा था, जिसके चलते उसे अस्पताल पहुंचाने में करीब एक घंटे की देरी हो गई।

इस एक घंटे के दौरान अत्यधिक खून बह जाने से सुनेहरी देवी की सांसें थम गईं। बहन के गुजर जाने के बाद अब चारों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है और पिता फरार है। बच्चों की मौसी ने चिंता जताते हुए कहा कि अभी तो वह किसी तरह इन बच्चों को संभाल रही है, लेकिन भविष्य में इन मासूमों का पालन-पोषण कौन करेगा, यह एक बड़ा सवाल बन गया है।

Baddi Crime NewsCrime Update HindiHimachal Murder NewsHP Police CrimeJuddi Kalan Baddi

Join WhatsApp

Join Now