Nalagarh Hotel Sex Racket: हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत आने वाले नालागढ़ में पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक नालागढ़ के सैणीमाजरा इलाके में स्थित भूपेंद्रा होटल में लंबे समय से चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस की टीम ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल परिसर से दो महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया है, जबकि होटल को लीज पर लेकर चला रहे मुख्य आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, 19 अगस्त को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सैणीमाजरा स्थित भूपेंद्रा होटल में अवैध रूप से अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला बद्दी के दिशा-निर्देशों पर तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम को सूचना के आधार पर त्वरित और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।

गठित विशेष पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर भूपेंद्रा होटल में पूरी रणनीति के साथ औचक छापेमारी की। इस छापेमारी की कार्रवाई के दौरान होटल को लीज पर चला रहे मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह पुत्र सरदारा सिंह गांव व डाकघर हम्बोवाल बेट, तहसील समराला, जिला लुधियाना (पंजाब) का निवासी को मौके से ही काबू कर लिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से होटल परिसर में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने होटल के कमरे से दो महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पुलिस प्रशासन ने दोनों महिलाओं को तुरंत अपनी अभिरक्षा में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रबंध किया है। इसके साथ ही रेस्क्यू की गई महिलाओं के लिए आवश्यक सुरक्षा, कानूनी सहायता और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस पूरे मामले में आरोपी मनप्रीत सिंह के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत नालागढ़ पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नालागढ़ पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध नेटवर्क में अन्य कौन-कौन से लोग शामिल थे।


















