Google Pixel 11 series: गूगल ने आधिकारिक तौर पर अपनी नई फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज Pixel 11, Pixel 11 Pro और Pixel 11 Pro XL का अनावरण कर दिया है। यह 11वीं जनरेशन के पिक्सल फोन उन्नत हार्डवेयर, मजबूत बिल्ड क्वालिटी, अपग्रेड कैमरा सिस्टम और गूगल के सबसे पावरफुल गूगल टेन्सर जी6 (Google Tensor G6) प्रोसेसर के साथ पेश किए गए हैं।
इन स्मार्टफोन्स को ऑन-डिवाइस जेमिनी इंटेलिजेंस (Gemini Intelligence) और जेमिनी नैनो मॉडल को तेजी से प्रोसेस करने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। डिजाइन के मोर्चे पर गूगल ने इस बार बड़े बदलाव किए हैं। Pixel 11 सीरीज में कैमरा बार की मोटाई को 40% तक घटाया गया है।

मेड बाई गूगल केस लगाने के बाद यह फोन लगभग पूरी तरह से सपाट महसूस होता है, जिससे इसे जेब में रखना आसान हो गया है और टेबल पर रखने पर फोन हिलता-डुलता नहीं है। Pixel 11 में एक्टुआ डिस्प्ले, सैटिन मेटल फ्रेम और पॉलिश्ड ग्लास बैक दिया गया है, जो रोजमर्रा के पानी के छीटों, खरोंच और गिरने से बचाव प्रदान करता है। रंग विकल्पों में Pixel 11 को पिस्ता (Pistachio), हिबिस्कस (Hibiscus), फ्रॉस्ट (Frost) और ऑब्सीडियन (Obsidian) में लाया गया है।
प्रो मॉडल – Pixel 11 Pro और Pixel 11 Pro XL – में ब्रांड की अब तक की सबसे ब्राइट सुपर एक्टुआ (Super Actua) डिस्प्ले दी गई है, जिसकी पीक ब्राइटनेस 3,600 निट्स तक पहुंचती है। इसमें इस्तेमाल की गई नई एंटी-स्क्रैच कोटिंग पिछली पीढ़ी की तुलना में दोगुना अधिक खरोंच रोधी सुरक्षा देती है। प्रो मॉडल्स में एक नया ‘हायलाइट’ (HiLight) फीचर भी जोड़ा गया है।
इसमें कैमरा फ्लैश के चारों ओर रंगीन एलईडी लाइट्स दी गई हैं। जब फोन का मुंह नीचे की तरफ रखा होगा, तब भी यह लाइट धीरे से चमककर महत्वपूर्ण सूचनाएं देगी। उदाहरण के लिए, जेमिनी से बात करते समय या चुनिंदा संपर्क का फोन आने पर यह कस्टम पैटर्न में जलेगी।
कैमरा फीचर्स की बात करें तो Pixel 11 में नया और बड़ा 48-मेगापिक्सल का मुख्य सेंसर दिया गया है, जो 56% अधिक लाइट सेंसिटिविटी प्रदान करता है। Tensor G6 के साथ इसका 5x टेलीफोटो लेंस अब 30x सुपर ज़ूम सपोर्ट करता है। Pro वर्जन्स में 48-मेगापिक्सल का अपग्रेटेड टेलीफोटो लेंस है, जो 30% अधिक लाइट कैप्चर करता है। इसमें 5x पर पोर्ट्रेट मोड और 120x तक प्रो ज़ूम (Pro Zoom) की क्षमता शामिल है। अपग्रेटेड इमेज सिग्नल प्रोसेसर की मदद से नाइट साइट (Night Sight) अब साढ़े चार गुना तेजी से फोटो कैप्चर कर सकता है।
परफॉर्मेंस के लिए Google Tensor G6 चिप दिया गया है, जो वेब ब्राउजिंग को 25% और ऐप्स खोलने की गति को 15% तेज बनाता है। 50% अधिक TPU कंप्यूट पावर के साथ, ऑन-डिवाइस AI काम 3.5 गुना तेजी से और 3.5 गुना कम ऊर्जा खपत में पूरा होता है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें Titan M3 चिप दी गई है, जो पोस्ट-क्वांटम क्रिप्टोग्राफी के साथ आती है।
गूगल ने Pixel 11 सीरीज के लिए 7 साल के OS, सिक्योरिटी और पिक्सल ड्रॉप अपडेट्स का वादा किया है। फोन की शुरुआती स्टोरेज 256GB रखी गई है। Pixel 11 Pro XL की वायर्ड चार्जिंग इतनी तेज है कि 15 मिनट के चार्ज पर 15 घंटे का बैटरी बैकअप मिल सकता है। वैश्विक बाजार में Pixel 11 की शुरुआती कीमत $899, Pixel 11 Pro की $1099 और Pixel 11 Pro XL की $1299 तय की गई है।















