Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

Kasauli Disaster: ‘आपदा में मदद करो या दिल्ली से फंड लाओ’ – कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने BJP के ज्ञापन को बताया ‘राजनीतिक नौटंकी’

Vinod Sultanpuri Statement On Kasauli BJP Memorandum : कसौली विधानसभा में भारी बारिश से उपजे हालातों पर सियासत गरमा गई है। कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने प्रशासनिक अधिकारियों के काम की सराहना करते हुए भाजपा के ज्ञापन को राजनीति चमकाने की नौटंकी करार दिया है।
Kasauli Disaster: 'आपदा में मदद करो या दिल्ली से फंड लाओ' - कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने BJP के ज्ञापन को बताया 'राजनीतिक नौटंकी'

Kasauli Disaster: कसौली विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण उत्पन्न आपदा की स्थिति के बीच राजनीति तेज हो गई है। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे होने की बात कही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि आपदा की इस घड़ी में विभागों का मनोबल बढ़ाने की आवश्यकता है, न कि राजनीति करने की। उन्होंने कहा कि अधिकारी रात के समय भी जागकर व्यवस्थाओं को सामान्य करने में लगे हुए हैं।

विधायक ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक आपदा के दौरान जल शक्ति विभाग के अधिकारी रात के समय भी जागकर पेयजल व्यवस्था सुचारू करने के लिए निरंतर मेहनत कर रहे हैं। हालांकि भारी बारिश के कारण कई बार मरम्मत कार्य प्रभावित हुआ और व्यवस्थाएं दोबारा बाधित हुईं, इसके बावजूद भी विभाग पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग के योगदान का जिक्र करते हुए सुल्तानपुरी ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी आपदा प्रभावित लोगों के घर-घर जाकर उनकी सहायता कर रहे हैं। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात फील्ड में रहकर सड़कों को बहाल करने सहित अन्य आवश्यक कार्यों को तेजी से पूरा करने में जुटे हुए हैं ताकि आवाजाही सुचारू हो सके।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रशासन को दिए गए ज्ञापन पर विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा दिया गया ज्ञापन सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने की एक नौटंकी मात्र है। आपदा की इस कठिन घड़ी में पूरे मामले को राजनीतिक मोड़ देना भाजपा की घटिया सोच का स्पष्ट परिचायक है, जिससे राहत कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है।

उन्होंने आगे कहा कि जब अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात मैदानी स्तर पर राहत कार्यों में जुटे हुए हैं, ऐसे समय में उनके खिलाफ नारेबाजी करने की बजाय उनका हौसला बढ़ाया जाना चाहिए। विधायक ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल पर कड़ा निशाना साधते हुए कहा कि विभागों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी और नारेबाजी करने के बजाय यदि वे दिल्ली जाकर प्रभावित क्षेत्र के लिए विशेष फंड लेकर आएं, तो यह जनता के लिए ज्यादा हितकारी होगा।

सुल्तानपुरी ने जानकारी दी कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार की ओर से पूरा सहयोग मिल रहा है और इसी के चलते प्रभावित लोगों तक समय पर राहत सामग्री और सहायता पहुंचाने का काम किया जा रहा है। सरकार और स्थानीय प्रशासन लगातार पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है तथा हरसंभव सहायता प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत उपलब्ध करवाई जा रही है।

प्रशासन के रुख पर बात करते हुए एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। विभागों के अधिकारी व कर्मचारी इन निर्देशों के मुताबिक पूरी निष्ठा और जी-जान से कार्य कर रहे हैं ताकि नुकसान को जल्द से जल्द ठीक किया जा सके।

एसडीएम ने यह भी कहा कि राज्य सरकार से प्राप्त हो रही धनराशि से आपदा प्रभावित लोगों को मौके पर जाकर प्रत्यक्ष रूप से आर्थिक सहायता सहित अन्य जरूरी मदद उपलब्ध करवाई जा रही है। कसौली का पूरा प्रशासन इस समय हाई अलर्ट मोड पर काम कर रहा है और नागरिकों की सहायता करने व अवरुद्ध सड़कों को बहाल करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कोई भी कसर नहीं छोड़ी जा रही है।

Kullu Dussehra 2026 Celebration Kullu Dussehra 2026 Celebration
BJP MemorandumHimachal NewsKasauli DisasterRajiv SaizalVinod Sultanpuri

Join WhatsApp

Join Now