Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में वीरवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 7:30 बजे सुजानपुर से पालमपुर की ओर जा रही एक निजी बस के ऊपर अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और एक बड़ा ल्हासा आ गिरा। इस घटना के दौरान बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और भारी मलबा गिरने से बस के शीशे टूट गए।
हादसे के वक्त बस में केवल चालक और परिचालक ही मौजूद थे। गनीमत यह रही कि उस समय बस में अन्य कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया। इस अचानक हुए हादसे में बस के चालक को चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि परिचालक पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यातायात भी पूरी तरह थम गया। पुलिस के अनुसार बस सुजानपुर से पालमपुर की ओर जा रही थी और जैसे ही वह सुजानपुर-ब्यास नदी के पुल के पास पहुंची, पहाड़ी से अचानक मलबा आ गिरा। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू रूप से बहाल करने के प्रयास शुरू किए गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने की घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। पूर्व में भी चलती बसों पर पत्थर गिरने से लोग घायल हो चुके हैं। विशेष रूप से बरसात के दौरान इस मार्ग पर अचानक पत्थर और ल्हासे गिरने से सड़क कई बार बंद हो जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।
हालांकि, इस बार हैरानी की बात यह है कि बिना किसी बारिश के ही पहाड़ी से ल्हासा गिरने की घटना सामने आई है। इस अप्रत्याशित घटना ने क्षेत्र से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों की चिंता को काफी बढ़ा दिया है। लोगों का मानना है कि पहाड़ी की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस मार्ग पर भविष्य में कभी भी कोई बड़ा और गंभीर हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने प्रशासन से तुरंत मौके का निरीक्षण करवाने की मांग की है। लोगों ने इस संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने और मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की पुरजोर मांग उठाई है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
सुजानपुर पुलिस थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा वीरवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के समय बस में केवल चालक और परिचालक ही मौजूद थे और पुलिस स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।


















