Solan News: सोलन जिला के दून विधानसभा के पट्टा वन ब्लॉक में विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को वन विभाग के बीओ और एक अन्य व्यक्ति को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एक ठेकेदार की शिकायत के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार ने खैर के पेड़ों के कटान की अनुमति के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि अनुमति संबंधी फाइल पर हस्ताक्षर करने और उसे आगे बढ़ाने के एवज में बीओ की ओर से रिश्वत की मांग की गई। बताया गया कि लेनदेन के लिए एक अन्य व्यक्ति को माध्यम बनाया गया और दोनों पक्षों के बीच 22 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, एक फाइल पर हस्ताक्षर करने के एवज में कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, हालांकि बाद में यह राशि 22 हजार रुपये में तय हुई। आरोपी BO की पहचान सतीश कुमार के तौर पर हुई है।
ठेकेदार ने इसकी सूचना पहले ही विजिलेंस को दे दी थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पट्टा क्षेत्र में जाल बिछाया। शुक्रवार दोपहर जैसे ही ठेकेदार ने कथित तौर पर दलाल के माध्यम से बीओ तक रिश्वत की राशि पहुंचाई, टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया। राशि भी मौके से कब्जे में ली गई।
अधीक्षक विजिलेंस वीरेंद्र कालिया ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सोलन के पट्टा में शिकायत के आधार पर वन विभाग के बीओ को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।


















