Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Kinnaur Blast: भारत-चीन सीमा पर सड़क निर्माण के दौरान धमाका- एक की मौत, एक गंभीर; सेना और पुलिस जांच में जुटी

India China  Road Construction Blast: भारत-चीन सीमा के पास दुमती में सड़क निर्माण के दौरान हुए अचानक विस्फोट में पालमपुर के व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बिहार का युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना की विस्तृत जांच जारी है।
Published on: 21 September 2026
Kinnaur Blast: भारत-चीन सीमा पर सड़क निर्माण के दौरान धमाका- एक की मौत, एक गंभीर; सेना और पुलिस जांच में जुटी

Kinnaur Blast News: भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में छितकुल से करीब 27 किलोमीटर आगे दुमती (धूमती) के पास सड़क निर्माण कार्य के दौरान अचानक हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में चल रहा है। विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और सेना मामले की जांच कर रही हैं।

तहसीलदार सांगला हर दयाल सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, दुमती के पास आरती सिविल कंस्ट्रक्शन फर्म की ओर से सीपीडब्ल्यूडी के तहत सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान एक्सकैवेटर से खुदाई और पत्थर उठाने के दौरान अचानक जमीन के अंदर जोरदार धमाका हुआ। हादसे में दो लोग इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ लाया जा रहा था। इस दौरान कांगड़ा जिले के पालमपुर निवासी 50 वर्षीय अशोक कुमार ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, बिहार के सारन जिला निवासी 23 वर्षीय भोला साह गंभीर रूप से घायल है और उसका क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में उपचार चल रहा है।

पुलिस थाना रिकांगपिओ के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। सहायक पुलिस अधीक्षक किन्नौर वरुण पटियाल ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विस्फोट कैसे हुआ, यह अभी जांच का विषय है और मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जिस स्थान पर सड़क निर्माण के लिए खुदाई और चट्टान तोड़ने का कार्य चल रहा था, वह क्षेत्र सेना के फायरिंग रेंज के अंतर्गत बताया जा रहा है। ऐसे में विस्फोट का वास्तविक कारण क्या था और निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सेना की ओर से भी घटना की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही विस्फोट के कारणों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट पूरी तरह सामने आने के बाद ही विस्फोट के सटीक कारणों, सुरक्षा में चूक और हादसे से जुड़े अन्य सभी तकनीकी पहलुओं की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

Himachal Crime NewsHimachal Pradesh NewsIndia China BorderKinnaur BlastRoad Construction Accident

Join WhatsApp

Join Now