Solan Drug Bust: हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डगशाई पुलिस चौकी की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुमारहट्टी क्षेत्र के पास स्थित खील जाशली गांव में खड़े एक ट्रक से 13 किलो 630 ग्राम अवैध चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी पुलिस पार्टी को देखते ही जंगल की तरफ फरार होने में कामयाब रहे।
घटना 27 सितंबर 2026 की शाम की है। पुलिस चौकी डगशाई के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार के मार्गदर्शन में मुख्य आरक्षी सुनील कुमार, आरक्षी दिनेश कुमार और एचएचसी वेद प्रकाश की टीम कुमारहट्टी चौक पर गश्त और गुप्त सूचना एकत्र करने के सिलसिले में मौजूद थी। उसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि खील जाशली गांव में पार्क के पास खड़े एक ट्रक में कुछ लोग अवैध चूरा पोस्त बेचने का कारोबार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट की आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उच्च अधिकारियों को सूचित किया और तत्काल बताए गए स्थान के लिए रवाना हुई। रास्ते में पुलिस टीम ने निष्पक्षता बनाए रखने के लिए स्थानीय राहगीरों, गुरदीप सिंह, रवि कायत और हरमेश चंद को रोककर पूरी स्थिति से अवगत कराया और उन्हें कानून के मुताबिक स्वतंत्र गवाह के रूप में अपनी कार्रवाई में शामिल किया।
जब पुलिस टीम खील जाशली पार्क के पास पहुंची, तो वहां टाटा अल्ट्रा ट्रक (नंबर HP14D-7092) खड़ा पाया गया। पुलिस की गाड़ी को अचानक आते देख ट्रक के पास खड़े दो व्यक्ति तेजी से जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे घने जंगल का फायदा उठाकर निकल भागे। हालांकि, ट्रक के केबिन के पास मौजूद तीसरे व्यक्ति को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान 26 वर्षीय हरि दत्त, निवासी गांव खील बरसेर (सोलन) के रूप में हुई। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी हरि दत्त ने मौका-ए-वारदात से भागे अपने दोनों साथियों के नाम अजय कुमार ट्रक चालक और जितेंद्र कुमार निवासी रुनन घोड़ो, सोलन बताए। इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ट्रक की गहन तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान ट्रक के ड्राइवर साइड के पिछले पहिए के पास बने टूल बॉक्स में खाना बनाने के सामान के पीछे छिपाकर रखा गया एक सफेद रंग का बोरा बरामद हुआ। बोरे को खोलने पर उसके अंदर नीले रंग की पॉलिथीन पैकिंग में 13 सीलबंद पैकेट और 1 खुला पैकेट मिला। पुलिस टीम द्वारा इलेक्ट्रॉनिक तराजू पर वजन करने पर कुल 13 किलो 630 ग्राम चूरा पोस्त पाई गई।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ, ट्रक (HP14D-7092) और संबंधित दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रक्रिया के अनुसार जब्त सामग्री को सीलबंद कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना धर्मपुर में एनडीपीएस एक्ट (ND&PS Act) की धारा 15 और 29 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरक्षी सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है। “पुलिस अधिकारियों से इस मामले पर जानकारी लेने के लिए फोन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।”


















