IEC University Baddi: भ्रष्टाचार समाज के विकास में एक बड़ी बाधा है। इसे समाप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। विशेषकर युवाओं को ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आना चाहिए। यह बात एंटी करप्शन ब्यूरो एवं सिक्योरिटी विजिलेंस विभाग के उप पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने आईईसी विश्वविद्यालय में आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह के कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अनिल कुमार ने विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय के सदस्यों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार केवल प्रशासनिक व्यवस्था को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर समाज के प्रत्येक वर्ग पर पड़ता है। इसे रोकने के लिए पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी को व्यवहार में उतारना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में नैतिक मूल्यों का पालन करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति श्री अशोक पुरी और रजिस्ट्रार डॉ. प्रह्लाद गुप्ता ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। विश्वविद्यालय में आयोजित ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार उन्मूलन, ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे विषयों पर पोस्टर बनाकर समाज को जागरूक रहने का संदेश दिया। वहीं, विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों को दर्शाया गया। नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें जिम्मेदारी और नैतिकता की भावना भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा के मूल्यों को अपनाने तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।




















