Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

Shimla News: हिमाचल के वरिष्ठ IPS अधिकारी अजय कुमार यादव को CRPF में मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने अतिरिक्त महानिदेशक

हिमाचल प्रदेश कैडर के 1996 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय कुमार यादव को केंद्र सरकार ने सीआरपीएफ में अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) के पद पर नियुक्त किया है, और उनका यह कार्यकाल सितंबर 2030 तक प्रभावी रहेगा।
Shimla News: हिमाचल के वरिष्ठ IPS अधिकारी अजय कुमार यादव को CRPF में मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने अतिरिक्त महानिदेशक

Shimla News: हिमाचल प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय कुमार यादव को केंद्र सरकार ने अहम जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) के पद पर नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 6 नवंबर 2026 को उनकी नियुक्ति को लेकर आधिकारिक आदेश जारी किए हैं।

गृह मंत्रालय की ओर से हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि अजय कुमार यादव 1996 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। केंद्र सरकार ने उन्हें प्रतिनियुक्ति के आधार पर सीआरपीएफ में अतिरिक्त महानिदेशक नियुक्त करने की मंजूरी दी है।

सितंबर 2030 तक रहेगी नियुक्ति
जारी आदेशों के अनुसार, अजय कुमार यादव की नियुक्ति पे मैट्रिक्स के लेवल-15 में खाली पद के विरुद्ध की गई है। उनका कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से 30 सितंबर 2030 तक निर्धारित किया गया है। हालांकि, यह नियुक्ति उनकी सेवानिवृत्ति या अगले आदेश तक ही प्रभावी रहेगी, जो भी पहले होगा।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश सरकार से उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने का अनुरोध किया है, ताकि वह जल्द ही केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें।

पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को भी भेजे गए आदेश
अजय कुमार यादव की नियुक्ति से संबंधित आदेश की प्रतियां हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, सीआरपीएफ के महानिदेशक और अन्य संबंधित केंद्रीय सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों को भी भेजी गई हैं। सीआरपीएफ महानिदेशक को उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख की जानकारी गृह मंत्रालय को देने के निर्देश दिए गए हैं।

इस नियुक्ति को हिमाचल प्रदेश पुलिस कैडर के लिए भी अहम माना जा रहा है। राज्य में सेवाएं दे रहे 1996 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय कुमार यादव अब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में अतिरिक्त महानिदेशक के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

Ajay Kumar YadavCentral DeputationCRPF ADGHimachal IPSHome Ministry

Join WhatsApp

Join Now