Solan News: हिमाचल प्रदेश में जिला सोलन के पुलिस थाना कसौली के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी कुठाड़ के ढकरियाणा क्षेत्र में एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां पंजाब के गुरदासपुर से आए एक व्यक्ति ने घर में घुसकर महिला और उसके बेटे पर रिवाल्वर तान दी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया।
घटना की शुरुआत तब हुई जब नरेंद्र कुमार नामक व्यक्ति, जो गांव नबीपुर कालोनी, डाकघर, तहसील व जिला गुरदासपुर का निवासी है, मंगलवार को ढकरियाणा गांव में एक महिला के घर में जबरन घुस गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपित व्यक्ति की महिला से पहले से जान-पहचान थी, लेकिन अब महिला उसके साथ पंजाब नहीं जाना चाहती थी और न ही उसके साथ रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर आरोपी ने घर में भारी हंगामा किया और कई घंटे तक रिवाल्वर लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनाए रखी।
महिला जब इस घटना की शिकायत दर्ज कराने पुलिस चौकी कुठाड़ पहुंची, तो आरोपित भी वहां पीछे-पीछे पहुंच गया। चौकी के भीतर भी उसने काफी समय तक जमकर हंगामा किया, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। स्थिति को संभालना स्थानीय चौकी के बस से बाहर हो गया, जिसके बाद तुरंत उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। एसपी सोलन के निर्देशों के तहत एसएचओ कसौली इंस्पेक्टर घनश्याम शर्मा की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम कुठाड़ चौकी के लिए रवाना हुई। इस दौरान कसौली के तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
कसौली थाना प्रभारी की सूझबूझ और पेशेवर कौशल से एक बड़ा हादसा टल गया। आरोपी कई घंटे तक रिवाल्वर खुद पर ताने हुए पुलिस को डराता रहा। थाना प्रभारी ने बेहद सावधानी से आरोपी को समझाने का प्रयास किया। जैसे ही आरोपी ने बाइक पर बैठने के लिए अपनी रिवाल्वर पैंट में फंसाई, तभी थाना प्रभारी ने बातचीत के दौरान हाथ मिलाने का झांसा देकर उसे फुर्ती से दबोच लिया। लगभग तीन घंटे चली कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे पुलिस टीम ने आखिरकार आरोपी को पूरी तरह काबू में कर लिया और उसकी रिवाल्वर को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को कसौली की अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है कि वह पांच कारतूस से भरी हुई यह रिवाल्वर कहां से लेकर आया था और उसके खिलाफ पंजाब या अन्य स्थानों पर पहले से कोई आपराधिक मामले दर्ज हैं या नहीं। एसपी सोलन टीपीएसडी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से बारीकी से जांच कर रही है ताकि इसके पीछे के अन्य कारणों का भी खुलासा किया जा सके।





















