2026 Renault Duster India Launch: रेनो (Renault) ने भारतीय बाजार में एक बार फिर अपनी पहचान मजबूत करने के लिए अपनी सबसे लोकप्रिय एसयूवी ‘डस्टर’ का नया अवतार लॉन्च कर दिया है। मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में उतरी इस नई डस्टर की शुरुआती कीमत10.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।
खास बात यह है कि कंपनी ने अपने ‘R Pass’ ग्राहकों को तोहफा देते हुए प्री-बुकिंग पर इसे 10.29 लाख रुपये की विशेष कीमत पर उपलब्ध कराया है। मार्केट में इस दिग्गज ब्रांड की वापसी से रेनो को भारत में अपनी पकड़ दोबारा मजबूत होने की बड़ी उम्मीद है। गाड़ी की बुकिंग शुरू हो चुकी है और इसकी डिलीवरी भी जल्द ही ग्राहकों को मिलना शुरू हो जाएगी।
कैसा है नई डस्टर का लुक और डिजाइन?
अगर डिजाइन की बात करें, तो 2026 मॉडल वाली यह डस्टर अंतरराष्ट्रीय मॉडल से थोड़ी अलग और खास भारतीय पसंद को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इसके सामने के हिस्से (फ्रंट फेसिया) को बिल्कुल नया और फ्रेश लुक दिया गया है। इसमें आकर्षक ‘आइब्रो’ शेप वाली DRL लाइटें दी गई हैं, जो इंडिकेटर का भी काम करती हैं।
नई ग्रिल और पिक्सल स्टाइल वाले फॉग लैंप इसके बंपर को काफी मॉडर्न लुक देते हैं। साइड से देखने पर इसमें 18-इंच के शानदार अलॉय व्हील और मस्कुलर प्लास्टिक क्लैडिंग दिखाई देती है। पीछे के दरवाजों के हैंडल को सी-पिलर में छिपाया गया है, जो इसे स्पोर्टी लुक देता है। वहीं, पीछे की तरफ लगी ट्राइएंगुलर LED टेल लैंप और सिल्वर इंसर्ट वाला बंपर इसे सड़क पर एक दमदार मौजूदगी देता है।
प्रीमियम इंटीरियर और हाई-टेक फीचर्स
रेनो ने इस बार केबिन के अनुभव को काफी लग्जरी बनाने की कोशिश की है। इसका डैशबोर्ड लेआउट एकदम नया है, जिसमें डुअल स्क्रीन सेटअप और थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलता है। भारतीय ग्राहकों की पसंद को देखते हुए इसमें सॉफ्ट-टच मटेरियल और सीटों पर खास स्टिचिंग का इस्तेमाल किया गया है।
फीचर्स के मामले में भी यह गाड़ी किसी से कम नहीं है। इसमें 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, एम्बिएंट लाइटिंग और डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं।
सुरक्षा का पूरा भरोसा
सुरक्षा के लिहाज से नई डस्टर को काफी अपडेट किया गया है। इसमें 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक, 360-डिग्री कैमरा और लेवल-2 ADAS जैसे एडवांस फीचर्स मिलते हैं। ये सभी फीचर्स इसे अपनी प्रतिद्वंद्वी कारों जैसे हुंडई क्रेटा और किया सेल्टोस के मुकाबले एक सुरक्षित विकल्प बनाते हैं।
दमदार इंजन और परफॉर्मेंस
नई डस्टर ग्राहकों को इंजन के कई विकल्प दे रही है। इसके टॉप वेरिएंट में 1.8 लीटर का हाइब्रिड पेट्रोल इंजन है जो 160 bhp की पावर देता है। इसके अलावा, जो लोग ज्यादा रफ्तार पसंद करते हैं उनके लिए 1.3 लीटर का टर्बो-पेट्रोल इंजन भी है। वहीं, बजट का ध्यान रखने वालों के लिए 1.0 लीटर का टर्बो इंजन दिया गया है। ट्रांसमिशन के लिए इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ही विकल्पों की सुविधा उपलब्ध है।
2026 Renault Duster Variants and Prices
| वेरिएंट | Turbo TCe 100 MT (स्टैंडर्ड प्राइस ₹लाख) | Turbo TCe 100 MT (R Pass ₹लाख) | Turbo TCe 160 MT (स्टैंडर्ड प्राइस ₹लाख) | Turbo TCe 160 MT (R Pass ₹लाख) | Turbo TCe 160 DCT (स्टैंडर्ड प्राइस ₹लाख) | Turbo TCe 160 DCT (R Pass ₹लाख) |
|---|---|---|---|---|---|---|
| Authentic | 10.49 | 10.29 | – | – | – | – |
| Evolution | 11.69 | 11.39 | 12.99 | 12.69 | 14.49 | 13.99 |
| Techno | 13.49 | 13.19 | 14.49 | 14.19 | 15.89 | 15.49 |
| Techno+ | 15.29 | 14.99 | 16.69 | 16.29 | – | – |
| Iconic | 16.99 | 16.59 | 18.49 | 18.09 | – | – |


















