Chamba News Today: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के सलूणी उपमंडल के तहत आने वाली संघणी पंचायत के प्रेढ़ गांव में एक युवती उफनते नाले की चपेट में आ गई। घटना गुरुवार देर शाम की है, जब युवती अपने मवेशियों को चराकर घर वापस लौट रही थी। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवती की पहचान संघणी पंचायत के प्रेढ़ गांव निवासी शबनम (पुत्री गुलाम नबी) के रूप में हुई है। शबनम गुरुवार देर शाम जंगल से अपनी भेड़-बकरियां चराकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में बने एक नाले को पार करते समय उसका पैर फिसल गया। नाले में पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण वह संभल नहीं सकी और देखते ही देखते तेज धारा में बह गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व स्थानीय प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों, पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि, घना अंधेरा होने और नाले के तेज बहाव के कारण रात में युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका।
शुक्रवार सुबह तलाश अभियान को दोबारा शुरू किया गया। इस दौरान जलाड़ी के समीप सियूल नदी में युवती का शव तैरता हुआ मिला। भांदल पंचायत के प्रधान सुरेश कुमार ने सियूल नदी से शव बरामद होने की पुष्टि की है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बेटी की इस अचानक और दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रोजी-रोटी की जद्दोजहद के बीच घटित इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम छाया हुआ है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। प्रशासन के निर्देशों पर संबंधित पटवारी ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मृतका के निकटतम परिजनों को नियमों के तहत 25,000 रुपये की अंतरिम (फौरी) राहत राशि प्रदान की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि राज्य आपदा राहत नियमों के तहत देय शेष 3,75,000 रुपये की मुआवजा राशि विभागीय और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही पीड़ित परिजनों को दे दी जाएगी।


















