Sony RX10 V Launched: दिग्गज टेक कंपनी Sony ने अपनी लोकप्रिय सुपरजूम लाइनअप का विस्तार करते हुए नया कॉम्पैक्ट कैमरा Sony RX10 V आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। यह नया मॉडल कंपनी के पुराने RX10 IV का उत्तराधिकारी है, जिसे लगभग नौ साल पहले बाजार में उतारा गया था।
सोनी का यह प्रीमियम कैमरा उन फोटोग्राफर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो बिना लेंस बदले वाइड-एंगल से लेकर सुपर-टेलीफोटो रेंज तक की तस्वीरें खींचना चाहते हैं। विशेष रूप से ट्रैवल और इवेंट फोटोग्राफी के लिए इसे एक आदर्श विकल्प माना जा रहा है।

दमदार प्रोसेसर और आधुनिक ऑटोफोकस सिस्टम
इस कैमरे में 20.1-मेगापिक्सल का 1-इंच स्टैक्ड सेंसर दिया गया है, जो इसके पुराने मॉडल जितनी ही रेजोल्यूशन क्षमता रखता है। लेकिन इस बार कंपनी ने इसके प्रोसेसर, ऑटोफोकस (AF) सिस्टम और वीडियो रिकॉर्डिंग क्षमताओं में भारी बदलाव किए हैं।
नए प्रोसेसर की बदौलत अब यह कैमरा इलेक्ट्रॉनिक शटर मोड में बिना किसी ब्लैकआउट के 30 फ्रेम प्रति सेकंड (fps) की रफ्तार से बर्स्ट शूटिंग कर सकता है, जबकि पुराने मॉडल में यह क्षमता 24 fps तक सीमित थी।इसका ऑटोफोकस ट्रैकिंग सिस्टम अब काफी एडवांस हो चुका है। यह इंसानों, जानवरों, पक्षियों, वाहनों और कीड़ों (इन्सेक्ट्स) को आसानी से डिटेक्ट कर सकता है।
सब्जेक्ट डिटेक्शन की यह तकनीक अब आंखों, सिर और पूरे शरीर तक काम करती है। यदि कोई सब्जेक्ट अचानक घूम जाता है या अप्रत्याशित रूप से आगे बढ़ता है, तब भी यह सिस्टम उसे ट्रैक करना जारी रखता है। यह नया फोकसिंग सिस्टम 575 फोकस पॉइंट्स के साथ आता है, जो सेंसर के 70 प्रतिशत हिस्से को कवर करता है।
सिनेमैटिक वीडियो और बेहतरीन डिस्प्ले
वीडियो ग्राफी के शौकीनों के लिए Sony RX10 V में 10-बिट कलर के साथ 60 fps पर 4K वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा दी गई है। इसके लिए All-Intra, XAVC S और XAVC HS जैसे कई फॉर्मेट्स का सपोर्ट मिलता है। स्लो-मोशन वीडियो के लिए इसमें सेंसर क्रॉप के साथ 4K 120 fps मोड और 1080p पर 240 fps का विकल्प दिया गया है। साथ ही, यह S-Log3 रिकॉर्डिंग को भी सपोर्ट करता है।
कैमरे के व्यूफाइंडर का रेजोल्यूशन बढ़ाकर 3.69 मिलियन डॉट्स और रियर स्क्रीन का रेजोल्यूशन 1.62 million डॉट्स कर दिया गया है। इसकी बैक स्क्रीन टिल्ट हो सकती है, लेकिन इसे पूरी तरह बाहर की तरफ फ्लिप नहीं किया जा सकता। इसके अलावा, कैमरे में एक UHS-II SD कार्ड स्लॉट, NP-FZ100 बैटरी (प्रति चार्ज 630 शॉट्स), माइक्रो HDMI आउटपुट, 3.5mm माइक्रोफोन और हेडफोन जैक, USB-C पोर्ट और 4K 30 fps तक लाइव स्ट्रीमिंग का सपोर्ट दिया गया है।
कीमत और उपलब्धता
सोनी ने अमेरिकी बाजार में RX10 V की कीमत 2,300 डॉलर तय की है, जो भारतीय मुद्रा के अनुसार वर्तमान विनिमय दरों पर लगभग 2,19,000 रुपये बैठती है। हालांकि, भारतीय बाजार में इस कैमरे को कब पेश किया जाएगा और इसकी स्थानीय कीमत क्या होगी, इस संबंध में कंपनी ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वर्तमान में इस कैमरे की प्री-ऑर्डर बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि इसकी डिलीवरी अगस्त के महीने से प्रारंभ होने की उम्मीद है।


















