Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

जागी आंखों से सत्ता के सपने देखने से पहले जनता के मूल मुद्दों का जवाब दे बीजेपी : राणा

Published on: 5 June 2022
IMG 20220605 WA0007

हमीरपुर।
कांग्रेस का देश में क्या बचा है और क्या बचेगा यह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को विधानसभा चुनावों के नतीजे बता देंगे। यह बात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा ने यहां जारी प्रेस बयान में कही है। राणा ने कहा कि अजब-गजब यह है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुद को तसल्ली देने के लिए खुली आंखों से फिर से सत्ता के सपने देख रहे हैं। जबकि हकीकत जयराम भी जानते हैं व हकीकत से पूर्व में हिमाचल में हुए उपचुनावों में प्रदेश की जनता ने रूबरू करवाया है।

राणा ने कहा कि जिस पार्टी ने झूठ और जुमलों की सियासत की हो, अपना कोई वायदा नहीं निभाया हो, वह लोकतंत्र में फिर से सत्ता में आने के मुंगेरी लाल के सपने देख रही है। राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सत्ता के सपने देखें कोई हर्जा नहीं है लेकिन प्रदेश की जनता को यह बता दें कि दो करोड़ सालाना रोजगार देने के वायदे का क्या हुआ। कितना काला धन आया, 15 लाख हर खाते में देने के वायदे का क्या हुआ। किसानों की आमदन 2022 तक दोगुनी हुई या नहीं हुई। महंगाई कम हुई या नहीं हुई। पेट्रोल-डीजल के रेट 40 रुपए पर पहुंचे या नहीं पहुंचे। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के वायदे के बावजूद बीजेपी के राज में खुला भ्रष्टाचार क्यों और कैसे चला। 20 हजार करोड़ की डिग्रियों की सेल में सरकार का दामन दागदार क्यों हुआ। इस मामले की सही जांच क्यों नहीं हुई। सरकार इस बड़े घोटाले में किसको बचाना चाह रही है। चार वर्ष तक प्रदेश में हुई सरकारी नौकरी की भर्तियों के भ्रष्टाचार को किसका संरक्षण था। टेस्ट देकर पास हुए बेरोजगार युवाओं को नौकरी क्यों नहीं मिली। बार-बार कानूनी पचड़े में भर्तियां क्यों अटकी। नौकरी की बजाय बेरोजगारों को प्रताडऩा क्यों मिल रही है। कृषि बीमा में कितने किसानों को लाभ मिला। आसमान छूती महंगाई पर सरकार अंकुश क्यों नहीं लगा पाई। राणा ने कहा कि यह ऐसे सवाल हैं कि जिनका जवाब जयराम सरकार को सत्ता के सपने देखने से पहले देना होगा। हिमाचल के फोरलेन पीडि़तों की समस्या पर सरकार क्यों मूक और मौन है। उन्होंने कहा कि मेरा यकीन है कि आम आदमी से जुड़े इन मुद्दों पर जब सरकार जवाब देगी तो राजकाज की बदहाली व नाकामी में खुद को ही कटघरे में पाएगी।

विधायक राणा रविवार को ऊहल ग्राम पंचायत में आयोजित महिला मंडल सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने ऊहल के 10 महिला मंडलों के साथ सराहकड़ के 2 महिला मंडलों को 12-12 हजार रुपए व एक-एक टेंट देकर प्रेरित व प्रोत्साहित किया। इसी बीच वार्ड नं 5 कढि़यार में सार्वजिनक स्थानों पर बैठने के लिए बेंचों के लिए 50 हज़ार देने की भी घोषणा की।

इस अवसर पर ये रहे मौजूद स्थानीय प्रधान सोमा देवी, उपप्रधान विनोद ठाकुर, उपप्रधान अनिल कुमार, वार्ड मेंबर संजीव कुमार, बूथ अध्यक्ष जीत राम, कैप्टन सुरेश कुमार, कैप्टन जनक सिंह, कैप्टन संतोष कुमार, पूर्व उपप्रधान सुरेश कुमार, पूर्व बीडीसी धर्म सिंह, सूबेदार जय सिंह, महिला मंडलों की प्रधान, सचिव, मेंबर के साथ अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Hamirpur district newsHamirpur Himachal updatehamirpur latest newshamirpur newshamirpur news todayHamirpur samachar

Join WhatsApp

Join Now