Looteri Dulhan: हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के अवाहदेवी में शादी का रिश्ता तय कर एक परिवार से करीब 18 लाख रुपये और लाखों के सोने के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। संगरोह गांव की निवासी कुसुम लता ने पुलिस चौकी अवाहदेवी में धोखाधड़ी की एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, शादी का रिश्ता तय कर एक परिवार को पूरी तरह विश्वास में लिया गया और फिर करीब 18 लाख रुपये नकद व लाखों रुपये के सोने के आभूषण ठग लिए गए।
जानकारी के मुताबिक संगरोह गांव निवासी कुसुम लता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे का रिश्ता एक युवती से तय हुआ था, जो अपने भाई के साथ रहती थी। पीड़ित परिवार के मुताबिक, आरोपी युवती के भाई ने खुद को कांगड़ा बस स्टैंड के पास का निवासी बताया था। दोनों परिवारों के बीच बातचीत आगे बढ़ने और सहमति बनने के बाद बीते 20 जून को चंडीगढ़ में एक भव्य रिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया था।

इस समारोह में वर पक्ष ने अपनी होने वाली दुल्हन को लाखों रुपये के सोने के आभूषण और कई अन्य महंगे उपहार भेंट किए थे। रिंग सेरेमनी संपन्न होने के बाद दोनों पक्षों की सहमति से विवाह की तिथि 12 जुलाई तय की गई थी। आरोप है कि सगाई के बाद से ही दुल्हन पक्ष ने वर पक्ष से संपर्क बनाए रखा और व्यापार में निवेश करने सहित अन्य पारिवारिक जरूरतों का हवाला देकर पैसे मांगना शुरू कर दिया। वर पक्ष ने विश्वास में आकर अलग-अलग किस्तों में गूगल पे (Google Pay) के माध्यम से लगभग 18 लाख रुपये आरोपी पक्ष के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
विवाह की निर्धारित तिथि से ठीक पहले, 7 जुलाई को युवती के भाई ने वर पक्ष को फोन कर एक दुखद सूचना दी। उसने बताया कि कनाडा में रहने वाले उनके मामा का अचानक निधन हो गया है, जिसके कारण पूरे परिवार को तुरंत आपातकालीन स्थिति में कनाडा जाना पड़ रहा है। इस बातचीत के तुरंत बाद से ही आरोपी भाई और उसके परिवार के सभी मोबाइल फोन पूरी तरह से बंद हो गए।
लगातार फोन बंद आने के कारण वर पक्ष को संदेह हुआ। परिजनों को संदेह होने पर उन्होंने बिचौलियों से संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद 11 जुलाई को जब पीड़ित परिवार ने उस मैरिज पैलेस में जाकर संपर्क किया, जहां 12 जुलाई को शादी का कार्यक्रम होना तय बताया गया था, तो वहां के प्रबंधन ने चौंकाने वाला खुलासा किया। मैरिज पैलेस के रिकॉर्ड के अनुसार, 12 जुलाई के नाम पर वहां कोई बुकिंग ही नहीं कराई गई थी।
इसके बाद पीड़ित परिवार को अपने साथ हुई इस बड़ी ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस में मामला दर्ज कराया। पीड़ित परिवार ने पुलिस चौकी अवाहदेवी में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ठगी गई नकदी और आभूषण वापस दिलवाने की मांग की है। एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोगों को खुद भी ऐसे मामलों में सतर्कता बरतनी चाहिए।


















