Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

हिमाचल को आपदा राज्य घोषित कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए केंद्र सरकार – सांसद प्रतिभा सिंह

Published on: 26 August 2023
हिमाचल को आपदा राज्य घोषित कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए केंद्र सरकार - सांसद प्रतिभा सिंह

मंडी।
सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार से हिमाचल को आपदा राज्य घोषित कर उसके मुताबिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल को दूसरा घर मानते हैं, इसलिए उनका भी यह दायित्व बनता है कि इस आपदा की घड़ी में हिमाचल को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि हिमाचल को इस आपदा से लगभग 10 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है।

सांसद शनिवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थीं। उन्होंने वहां बारिश और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लेने के साथ ही राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान कांग्रेस नेता और नाचन से विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे नरेश चौहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चेत राम ठाकुर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी उनके साथ रहे।

प्रतिभा सिंह ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से भी आग्रह किया कि वे भी प्रधानमंत्री के समक्ष हिमाचल को अधिक से अधिक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की मजबूती से पैरवी करें।

सांसद ने कहा कि उन्होंने पिछले दिनों स्वयं दिल्ली में भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी तथा ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की थी। उनसे भी आपदा में हिमाचल के लोगों की मदद करने तथा राष्ट्रीय उच्च मार्गों की जल्द मरम्मत कराने के लिए धन उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था।
पीड़ितों का दुख दर्द बांटा

सांसद इस दौरान नाचन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर आपदा प्रभावित परिवारों से मिलीं, उनसे बातचीत की, दुख दर्द बांटा और उन्हें हिम्मत देते हुए हर संभव मदद की बात कही। उन्होंने वहां नुकसान का जायजा लेने के साथ ही राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। लोगों की मदद को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि नाचन विधानसभा क्षेत्र के आपदा से प्रभावित गांव के लोगों को राशन तथा अन्य राहत सामग्री प्रदान करने के लिए प्रशासन तत्परता से कार्य कर रहा है। खतरे के दायरे में आए घरों को खाली करवा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखा है। उन्होंने पुनर्वास कार्यों में अपनी ओर से हर मदद देने का भरोसा दिया।

उन्होंने गांव डिनक, डुगराईं, लोअर बैहली, अप्पर बैहली, शेगली, तमरोह, दियारगी, चुनाहन, रजवाड़ी, लोअर पाधरू, अप्पर पाधरू में भूस्खलन से खाली किए घरों व नुकसान का जायजा किया। चुनाहन गांव में साथ लगती खड्ड का जलस्तर बढ़ने से पंचायत घर और लोगों के घरों को हुई क्षति की जानकारी ली। डुगराईं में बाढ़ से क्षतिग्रस्त घरों के लोगों के हाल-चाल जाने तथा नाले की चैनेलाइजेशन के निर्देश दिए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रजवाड़ी के बारिश से धंसे खेल मैदान तथा पाठशाला भवन का जायजा किया। राजकीय माध्यमिक पाठशाला अनुपाली के भवन को हुए नुकसान का जायजा तथा पंचायती राज विभाग को मरम्मत कार्य जल्द शुरु करने के निर्देश दिए।

ये रहे उपस्थित
इस दौरान कांग्रेस नेता और नाचन से विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे नरेश चौहान, प्रदेश महासचिव कांग्रेस चेतराम ठाकुर, महासचिव केशव नायक, जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष हरेंद्र सेन, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष तरुण ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नाचन नीलमणि ठाकुर, किसान मोर्चा अध्यक्ष उपेंद्र ठाकुर, जिला परिषद सदस्य जागृति राणा, जिला मंडी सेवादल अध्यक्ष प्रेमलाल गुड्डू, एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, बीडीओ धनोटू मान सिंह, तहसीलदार सुंदरनगर वेद प्रकाश, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी चमन ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी व विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Aaj Ki KhabrenCentral GovernmentDisaster in HimachalHimachal Latest NewsHimachal NewsHimachal News in HindiHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh samacharHimachal updateHP government newsHP News TodayPrime Minister Narendra Modi

Join WhatsApp

Join Now