Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Himachal Asian Games Prize Money: हिमाचल सरकार का बड़ा ऐलान, एशियाई खेल पदक विजेताओं पर होगी 5.33 करोड़ रुपये की बारिश

सीएम सुक्खू ने एशियाई खेलों के पदक विजेताओं के लिए 5.33 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का ऐलान किया है, जिसमें कबड्डी, मैराथन और दौड़ के खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने ने सभी विजेताओं को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Updated By Prajasatta
Published on: 28 सितम्बर 2026
Himachal Asian Games Prize Money: हिमाचल सरकार का बड़ा ऐलान, एशियाई खेल पदक विजेताओं पर होगी 5.33 करोड़ रुपये की बारिश

Himachal Asian Games Prize Money: जापान के आइची-नागोया में आयोजित किए जा रहे 20वें एशियाई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने प्रदेश का नाम रोशन करने वाले पदक विजेताओं को कुल 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

घोषित पुरस्कार राशि के तहत कबड्डी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की हिमाचल से संबंध रखने वाली महिला खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। टीम में शामिल पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर में से प्रत्येक खिलाड़ी को 33-33 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस प्रकार केवल कबड्डी वर्ग की खिलाड़ियों को कुल 1.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी, जो राज्य में पारंपरिक खेलों के संवर्धन की दिशा में एक अहम कदम है।

एथलेटिक्स वर्ग में राज्य के एथलीटों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी छाप छोड़ी है। पुरुषों की मैराथन प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल करने वाले सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम करने वाली सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। प्रदेश सरकार इन सभी उत्कृष्ट एथलीटों को मिलाकर कुल 5.33 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित करेगी।

मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि खेल क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें वैश्विक मंच पर सक्षम बनाने के लिए राज्य सरकार ने पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। नई नीति के तहत ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 5 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 3 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेता को 2 करोड़ रुपये देने का प्रावधान किया गया है।

इसी प्रकार, एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नीति को और अधिक आकर्षक बनाया गया है। इन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल करने पर 4 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 2.50 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक जीतने पर 1.50 करोड़ रुपये की सम्मान राशि का स्पष्ट प्रावधान रखा गया है। वहीं राष्ट्रमंडल एवं पैरा राष्ट्रमंडल खेलों के विजेताओं के लिए स्वर्ण पदक पर 3 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।

पुरस्कार राशि के अलावा, राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश से बाहर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की यात्रा संबंधी सुविधाओं में भी व्यापक सुधार किया है। नई व्यवस्था के तहत 200 किलोमीटर तक की दूरी तय करने वाले खिलाड़ियों को एसी 3-टियर ट्रेन यात्रा का किराया दिया जा रहा है। वहीं 200 किलोमीटर से अधिक की दूरी की यात्रा करने वाले एथलीट अब हवाई यात्रा में इकोनॉमी क्लास के टिकट के पात्र बनाए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों को आवागमन में किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।

Asian Games Medal WinnersHimachal Asian Games Prize MoneyHimachal Pradesh Sports NewsHP Sports SchemeSukhvinder Singh Sukhu

Join WhatsApp

Join Now