Kangra Python Viral Video: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक अनोखी घटना ने लोगों को चौंका दिया है। यहां एक साथ पांच अजगर दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो को देखकर आसपास के इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल बन गया है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना कांगड़ा जिले में टल्ला विट इलाके की लपियाणा रेंज के लोअर हिल्स इलाके में कलोथर माता मंदिर के पास हुई। बताया जा रहा है कि 15 मार्च को इन पांच अजगरों को एक साथ देखा गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ये अजगर आपस में लिपटे हुए हैं। कुछ लोग इस दौरान इन पर बड़े-बड़े पत्थर फेंकते भी नजर आए।
Kangra python viral video pic.twitter.com/6wKELE6Sg3
— Prajasatta (@prajasattanews) March 19, 2026
धर्मशाला के वन विभाग के डीएफओ अमित शर्मा ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पायथन (अजगर) हिमाचल प्रदेश में आमतौर पर पाए जाने वाले सांप हैं। इनसे डरने की कोई जरूरत नहीं है। अमित शर्मा ने स्पष्ट किया कि ये सांप पूरी तरह विषहीन होते हैं और इंसानों के लिए कोई खतरा नहीं पैदा करते।
पायथन को वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत शेड्यूल-1 में रखा गया है। यानी इन्हें सबसे ज्यादा सुरक्षा मिलती है। इन सांपों को चोट पहुंचाना या नुकसान करना कानूनी अपराध है और इसके लिए सजा हो सकती है।
डीएफओ ने आगे बताया कि हिमाचल में कुछ जहरीले सांप भी मिलते हैं, जैसे ग्रीन पिट वाइपर, हिमालयन पिट वाइपर, रसल वाइपर और कोबरा। लेकिन पायथन और रैट स्नेक जैसे सांप बिल्कुल बिना जहर के होते हैं। ये छोटे-छोटे जानवरों का शिकार करके जंगल के संतुलन को बनाए रखने में मदद करते हैं।
अमित शर्मा ने लोगों से अनुरोध किया कि अगर कहीं अजगर या कोई सांप दिखे तो घबराएं नहीं। उन्हें मारने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। इसके बजाय तुरंत नजदीकी वन विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि पायथन इंसानों पर हमला नहीं करते, हालांकि ये कभी-कभी बकरियों का शिकार कर लेते हैं।
उल्लेखनीय है कि कांगड़ा जिले में अजगर देखे जाना कोई नई बात नहीं है, लेकिन इतने सारे अजगर एक साथ दिखना काफी दुर्लभ है। इस वीडियो के वायरल होने से लोग अब सतर्क हो गए हैं। वन विभाग ने लोगों से शांत रहने और कानून का पालन करने की अपील की है।
















